लीबिया में बुधवार की सुबह हिरासत केंद्र पर एयरस्ट्राइक किया गया। इस हमले में 40 प्रवासियों की मौत हो गई है जबकि 80 लोग घायल हुए हैं।


बेंघाजी (एपी)। लीबिया की राजधानी त्रिपोली में बुधवार की सुबह प्रवासियों को निशाना बनाते हुए एक हिरासत केंद्र पर एयरस्ट्राइक किया गया। संयुक्त राष्ट्र समर्थित देश की सरकार से जुड़े एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इस हमले में 40 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता मालेक मर्सेट ने कहा कि त्रिपोली के ताजौरा में किये गए इस हवाई हमले में 80 प्रवासी घायल हुए हैं। कुछ लोगों ने उन प्रवासियों की तस्वीरें पोस्ट कीं हैं, जिन्हें एम्बुलेंस में अस्पतालों में ले जाया जा रहा है। लीबिया में संयुक्त राष्ट्र रिफ्यूजी एजेंसी ने हिरासत केंद्र पर किये गए हवाई हमले की निंदा की है। बता दें कि इस एजेंसी में 616 प्रवासी रहते हैं।जांच के लिए कमिटी बनाने का किया आग्रह
त्रिपोली सरकार ने हस हवाई हमले के लिए खलीफा हिफ्टर के नेतृत्व वाली लीबिया की राष्ट्रीय सेना को दोषी ठहराया है और लीबिया में संयुक्त राष्ट्र से इस पूरे घटना की जांच के लिए एक कमिटी बनाने का अनुरोध किया है। हालांकि, हिफ्टर फोर्स के प्रवक्ता ने फिलहाल इस मामले में कोई भी टिप्पणी नहीं की है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि सेना ने हिरासत केंद्र के पास एक आतंकी शिविर के खिलाफ हवाई हमले शुरू किए थे। बता दें कि गैरकानूनी तरीके से इटली जाने वाले अफ्रीकी प्रवासी के लिए लीबिया मुख्य केंद्र है। हालांकि कई प्रवासियों को लीबिया में गिरफ्तार कर लिया जाता है। लीबिया में दर्जनों अवैध प्रवासियों को कैद करके रखा गया है। इसी तरह के एक हिरासत केंद्र पर हमला किया गया है।

Posted By: Mukul Kumar