तीन दिन पहले गायब हुआ था 11 वीं का छात्र

पुलिस की मदद से परिजन उसे घर पर लाए हैं

आगरा। थाना सिकंदरा एरिया गौरखपुरी दहतोरा निवासी 15 वर्षीय छात्र उपेंद्र उर्फ उर्वेश पुत्र गुड्डू सिंह नौ जून की दोपहर 12:30 बजे से लापता था। रिश्तेदारी आदि स्थानों में तलाशने पर भी उसका पता नहीं चला। पुलिस ने सर्विलांस पर उसका नम्बर डाला तो वह कभी चांदनी चौक तो कभी उत्तराखंड बता रहा था। रविवार की सुबह वह अलीगढ़ में दौड़ लगाते अभ्यर्थियों को मिल गया। उसे परिजन घर ले आए।

दिल्ली पहुंची पुलिस

छात्र की चाची वीरमति चाहर ने बताया कि रात में दिल्ली में वह किसी को मिला था। उस युवक ने फोन पर बात की तो परिजनों ने उससे कहा कि बच्चे को अपने पास रखे। रात में परिजन व पुलिस चांदनी चौक पहुंच गए। वहां पर कोई नहीं मिला। रात में एक बजे तक परिवार व पुलिस उसकी तलाश करते रहे। थक हार कर परिवार घर लौट गया।

अलीगढ़ से मिली जानकारी

रविवार की सुबह 11 बजे करीब अलीगढ़ से कॉल आई और बच्चे की जानकारी मिली। रात में युवक ने उसे ट्रेन का टिकट दिलाकर आगरा के लिए बैठा दिया लेकिन छात्र ने कभी सफर नहीं किया था। वह अलीगढ़ पहुंच गया। वहां पर उतर कर उसने पानी के प्लांट वालों से खाना मांग कर खाया। वहीं पर अभ्यर्थी दौड़ लगा रहे थे। उन्हें वह रोता हुआ मिला तो उन्होने पूछताछ की।

रिश्तेदार को सौंप दिया

छात्र ने इगलास के पास एक गांव में रहने वाली अपनी रिश्तेदार पुष्पा देवी का मोबाइल नंबर बताया। इस पर कॉल कर उन्हें जानकारी दी गई। वह मौके पर पहुंची और छात्र को अपने घर ले आई। इसी के बाद परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे आगरा ले आए। चाची ने बताया कि उसे यहां से दिल्ली कौन ले गया यह छात्र नहीं बता पा रहा है।

Posted By: Inextlive