- राज्यपाल राम नाईक ने दिया सीएम अखिलेश यादव को सुझाव

LUCKNOW: राज्यपाल राम नाईक ने जवाबदेही और पारदर्शशिता के लिए लोकायुक्त की जांच रिपोर्ट को ऑनलाइन किए जाने का सुझाव सीएम अखिलेश यादव को दिया है। गुरुवार को राजभवन में आयोजित नविनियुक्त उपलोकायुक्त शंभू सिंह को शपथ दिलाये जाने के मौके पर उन्होंने कहा कि जैसे न्यायालयों के निर्णय ऑनलाइन किये जाते हैं, उसी प्रकार लोकायुक्त संस्था की जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन किये जाने पर विचार होना चाहिए। जिससे सरकारी काम में भ्रष्टाचार के खिलाफ होने वाले निर्णयों की जानकारी समाज को हो सके। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पूर्व उपलोकायुक्त स्वतंत्र सिंह की पुस्तक 'दि उत्तर प्रदेश लोकायुक्त एंड उपलोकायुक्त एक्ट-1975 विद कमेंट्री' का विमोचन भी किया।

वहीं मुख्यमंत्री ने स्वतंत्र देव सिंह को बधाई देते हुए कहा कि पुस्तक के माध्यम से उन्होंने अपने अनुभव साझा किये हैं, जिसका लाभ लोकायुक्त संस्था को मिलेगा। एक ओर जहां इस पुस्तक से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा, वही नये लोकायुक्त और उपलोकायुक्त को भविष्य में निर्णय लेने में सहायता भी मिलेगी।

शंभू सिंह ने ली उपलोकायुक्त पद की शपथ

राज्यपाल राम नाईक ने गुरुवार को राजभवन के गांधी सभागार में आयोजित समारोह में प्रदेश के नवनियुक्त उपलोकायुक्त शंभू सिंह यादव को शपथ ग्रहण करायी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद थे। शंभू सिंह 1997 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। सपा सरकार से करीबी की वजह से उन्हें तीन बार सेवा विस्तार भी मिला था। उपलोकायुक्त बनने से पहले तक वे सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनात थे। साथ ही आबकारी विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उन्हें सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव के करीबी अफसरों में माना जाता है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय के अलावा मंत्रिमंडल के तमाम सदस्य, लोकायुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा, मुख्य सचिव दीपक सिंघल, डीजीपी जावीद अहमद, पूर्व लोकायुक्त एनके मेहरोत्रा समेत तमाम लोग मौजूद थे।

Posted By: Inextlive