- नौकर को बंधक बना तीन घंटे तक लाखों की लूटपाट

LUCKNOW: पूर्व कैबिनेट मंत्री और शोहरतगढ़ की महिला विधायक की बेटी के घर शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने डाका डाला। चिनहट स्थित आवास पर बिजली कर्मचारी बता घुसे बदमाशों मकान में मौजूद नौकर को लोहे की राड और सरिया मारकर घायल कर दिया। उसे और बंधक बना तीन घंटे तक तांडव किया। घटना के समय नौकर के अलावा कोई मौजूद नहीं था। लूट के पांच घंटे बाद नौकर डकैती की सूचना पुलिस को दी। मौके पर डीआईजी समेत पुलिस के आला अफसर पहुंचे।

बिजली कर्मचारी बता घर में घुसे

गोमतीनगर के विकल्प खंड 3 में अभय सिंह पत्नी सुमन और दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहते हैं। अभय सिंह कौशांबी में जिला पंचायत इंजीनियर हैं। गुरुवार को सुमन बच्चों के साथ पति से मिलने कौशांबी गई थी। घर पर सिर्फ नौकर मोहित (18) ही था। मोहित के अनुसार शुक्रवार दोपहर दो लोगों ने घर आए, उन्होंने कहा कि वो बिजली विभाग से मीटर रीडिंग लेने आए हैं। मोहित ने जैसे ही दरवाजा खोला तो दो बदमाशों ने उसे बंधक बन लिया। तीन लोग और अंदर घुसे। सभी लोहे की रॉड और अन्य असलहों से लैस थे। मारपीट कर बदमाशों ने मोहित को बांध दिया। इसके बाद तीन घंटे तक डकैत घर में लूट करते रहे। वारदात के करीब दो घंटे बाद मोहित ने खुद को मुक्त कराया। करीब 5 बजे मोहित ने पड़ोसियों और पुलिस को डकैती की जानकारी दी। मौके पर डीआईजी आरकेएस राठौर, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव, एसओ चिनहट समेत भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंची।

लाइसेंसी रिवाल्वर भी लूट ले गए

अभय के भाई राजेश ने बताया कि लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बदमाश ले गए। मौके पर डॉग स्कवॉयड और फारेंसिक दस्ता जांच के लिए पहुंचा। डॉग स्क्वाड थोड़ी दूर जाकर रुक गया। सीओ गोमतीनगर ने बताया की मोहित से बातचीत में कुछ खास सुराग हाथ लगे हैं। मोहित का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। साथ ही अभय सिंह को भी सूचित किया जा चुका है। उनके आने पर ही लूट की रकम का पता चलेगा। अभय सिंह की सास मुन्नी लाल सिंह सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ से मौजूदा विधायक हैं। उनके पति दिनेश सिंह की मौत के बाद मुन्नी लाल सिंह को टिकट मिला था। दिनेश सिंह मंत्री भी थे।

Posted By: Inextlive