असलहा सटाकर बाइक सवार लुटेरे सवा दो लाख रुपये व लैपटॉप से भरा बैग लेकर भागे

बदमाशों को पकड़ने के बजाय सीमा विवाद में उलझी पुलिस

PRAYAGRAJ: बाइक सवार बदमाशों ने असलहा सटाकर फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन मैनेजर को लूट लिया। घटना शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे मेजा इलाके में हुई। कलेक्शन मैनेजर के पास मौजूद सवा दो लाख रुपये व लैपटॉप से भरा बैग लेकर लुटेरे भाग निकले। भाग रहे बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। खबर मिलने पर पहुंची पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। माण्डा पुलिस कोरांव तो कोरांव की पुलिस घटना माण्डा में बताती रही। मौके पर हलका लेखपाल को बुलाया गया। लेखपाल ने बताया कि घटना माण्डा एरिया में है। इस सीमा विवाद के हल होने तक बदमाश पुलिस की पकड़ से काफी दूर जा चुके थे।

लेखपाल ने हल कराया विवाद

मेजा एरिया के सिधौंली निवासी आशुतोष शुक्ला गाड़ी फाइनेंस की एक कंपनी में कलेक्शन मैनेजर हैं। इन दिनों वह परिवार के साथ नैनी एडीए कॉलोनी में रहते हैं। शुक्रवार दोपहर बाद करीब चार बजे वह माण्डा क्षेत्र में वसूली कर बाइक से लौट रहे थे। जंगल के पास अपाचे बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने कलेक्शन मैनेजर को रोक लिया। रुकते ही लुटेरों ने उन्हें असलहा सटा दिया। इससे वह सहम गए। डरे सहमे कलेक्शन मैनेजर के पास मौजूद पिट्ठू बैग लेकर लुटेरे भागने लगे। बदमाशों ने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। आशुतोष के मुताबिक बैग में ग्राहकों से वसूली के सवा दो लाख रुपये व एक लैपटॉप और डायरी थी। सूचना पर पहुंची कोरांव पुलिस पुलिस घटना को माण्डा क्षेत्र बताने लगी। माण्डा पुलिस पहुंची तो वह वारदात को कोरांव एरिया में बताती रही। दोनों थानों के बीच इस सीमा विवाद में काफी वक्त जाया हो गया। इस बीच लुटेरे मौका पाकर पुलिस की पकड़ से काफी दूर चले गए। थानों के बीच विवाद पर बुलाए गए हल्का लेखपाल ने सीमा विवाद हल किया और घटना को माण्डा एरिया में बताया। इसके बाद माण्डा पुलिस तहरीर लेने के बाद लुटेरों की तलाश में जुटी।

पहले पकड़े लुटेरे फिर करते विवाद

कोरांव व माण्डा थाने की पुलिस यदि सीमा विवाद में न उलझती तो शायद लुटेरे पकड़ लिए जाते।

लोगों का कहना था कि विवाद की वजह से बदमाशों को भागने का मौका मिल गया।

अगर तत्काल दोनों थानों की पुलिस मिलकर चेकिंग अभियान में जुट गई होती तो लुटेरे बहुत दूर तक भागने में कामयाब नहीं हो पाते।

कलेक्शन मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर थाना पुलिस जांच कर रही है। सीमा विवाद जैसी कोई बात मेरे संज्ञान में नहीं है। ऐसा कुछ है तो जानकारी कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

दीपेंद्रनाथ चौधरी,

एसपी यमुनापार

Posted By: Inextlive