JAMSHEDPUR: स्टील सिटी सहित पूरे देश में मध्य रात्रि में कन्हाई के जन्म के साथ ही घर-घर बधाई बजने लगी। भक्तों ने शंख और घंटे की धुन पर पूजा अर्चना की। शहर में चारों ओर लोग भक्ति में सराबोर हो गये। शहर के सभी राधा-कृष्णा मंदिरों के कपाट खोलकर पूजा अर्चना की। इस दौरान विभिन्न मंदिरों ने भक्तों ने लड्डू गोपाल को पालने में झुलाया। शाम से शुरू हुए कार्यक्रम भगवान के जन्म लेने के बाद ही यह दौर समाप्त हुआ।

राधा-कृष्ण मंदिर रिफ्यूजी कॉलोनी

यहां सबसे पहले सुबह प्रभातफेरी निकाली गई। शाम को आठ बजे से लेकर रात 12 बजे तक वृंदावन से आए पंडित जितेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भजनों की प्रस्तुति के जरिए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रवचन के जरिए भी भक्तों को भगवान के पृथ्वी के अवतरण के उद्देश्यों से अवगत कराया। जन्माष्टमी को लेकर की गई मंदिर की साज सज्जा देखने लायक थी। रात 12 बजे भगवान के जन्म के बाद सामूहिक आरती हुई और प्रसाद वितरण किया गया।

परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर बिष्टपुर

बिष्टुपुर-खरकई लिंक रोड स्थित परमहंस लक्ष्मीनाथ गोस्वामी मंदिर में शुक्रवार को शाम से जन्माष्टमी की धूम शुरू हो गई थी, जबकि रात 12 बजे महिलाओं ने सोहर गाकर भगवान का जन्मोत्सव मनाया। मंदिर में सुबह 10.30 बजे से अखंड हरि संकीर्तन शुरू हुआ, जिसका पूर्णाहुति शनिवार सुबह 10.30 बजे होगा। इस अवसर पर कुंवारी भोजन व ब्राह्माण भोजन के बाद भोग वितरण किया जाएगा।

जन्माष्टमी पर उमड़े श्रद्धालु

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा समिति, रेलवे सुरक्षा बल बैरक, टाटानगर की ओर से जन्माष्टमी पर 24 घंटे का अखंड हरि संकीर्तन हुआ। शनिवार को पूर्णाहुति व प्रसाद वितरण के बाद आ दिवसीय मेला का शुभारंभ होगा। जन्मोत्सव के मौके पर मंदिर में यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर में 28 अगस्त को प्रभु का छठिहार पूजा व प्रसाद वितरण होगा। इसी दिन शाम को जागरण होगा।

वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मनाई जन्मोत्सव

साईं परिवार विश्व सेवा संस्थान, जमशेदपुर के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति पूजन के साथ हुआ। इसके बाद विष्णु सहस्त्रनाम पाठ व श्री विष्णु 1008 नामार्चन किया गया। पंडित अजय कुमार शास्त्री, नंदलाल मिश्र व सुजीत पाठक ने जन्माष्टमी पूजन किया। मध्यरात 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जन्मोत्सव मनाई गई व झूलन सेवा की गई।

सूर्यधाम, सिदगोड़ा

सूर्य मंदिर कमेटी के तत्वावधान में सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। मौके पर यहां बाल कृष्ण सजाओ और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में यूनिटी लोक ग्रुप को पहला, उदय नृत्य लोक को दूसरा और आरबीडी ग्रुप को तीसरा स्थान मिला। वहीं बाल कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता में राजीव बरूआ को पहला, अंवेशा को दूसरा और दैविक गोपाल को तीसरा पुरस्कार मिला। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यक्रम में शामिल होकर सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।

ब्रह्मालोकधाम

भाद्रपद कृष्णपक्ष के अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। यहां ब्रह्मालोकधाम के संरक्षक मोनू भट्टाचार्य ने सभी अनुष्ठानों को पूर्ण कराया। दिन में भगवान को अलग-अलग समाज के लोगों ने अपने विशिष्ट पकवानों को भोग चढ़ाया। मौके पर भजन कीर्तन का दौर चलता रहा।

इसके अलावा शहर में विभिन्न क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन किया गया है। श्रीराधा गोविंद मंदिर साकची, शिव मंदिर गोलमुरी, श्री सत्यनारायण मंदिर बिष्टुपुर, शीतला मंदिर साकची, राधा-कृष्ण मंदिर मानगो, टेल्को राम मंदिर समेत कई मंदिरों और क्लबों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भव्य रूप से मनाई गई।

यहां आज मनेगी जन्माष्टमी

महोत्सव में बच्चों के लिए प्रतियोगिता

इस्कॉन मंदिर द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शनिवार को मनाया जाएगा। बिष्टुपुर स्थित मद्रासी सम्मेलनी में जन्मोत्सव को लेकर कार्यक्रम शुरू हुए, जो 25 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान शुक्रवार को मायापुर से आए भक्ति पुरुषोत्तम स्वामी भागवत कथा सुनाए। इसके साथ बच्चों के लिए रंगभरो प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही बच्चों ने नाटक का भी मंचन किया। शनिवार को यहां चित्रांकन, नृत्य, गीत व फैंसी ड्रेस आदि प्रतियोगिता होगी। इसके साथ ही रात को जन्मोत्सव मनाया जाएगा। रविवार को इस्कॉन द्वारा नंदोत्सव मनाया जाएगा। महोत्सव में भगवान का अभिषेक करने के साथ उन्हें 108 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे।

बच्चों का मटकी फोड़ 24 को

महाराष्ट्र भगिनी समाज, बिष्टुपुर की ओर से 24 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी। भगिनी समाज की महिला सदस्यों ने बताया कि 24 अगस्त की शाम छह बजे से विष्णु सहस्त्रनाम पाठ व शाम 7.30 बजे बच्चों के लिए मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी।

जलाराम मंदिर, बिष्टुपुर

गुजराती सनातन समाज समाज के लोग बिष्टुपुर स्थित जलाराम कुटीर में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे। यहां 24 अगस्त को 10 बजे से भजन कीर्तन शुरू होगा। 11 बजे भगवान को अभिषेक किया जाएगा जबकि 12 बजे भगवान का जन्म होगा, मौके पर लोग खुशी मनाएंगे। यहां 25 अगस्त को मटकी फोड़ा जाएगा। मटकी फोड़ कार्यक्रम में समाज के महिला, पुरूष व बच्चे सभी शामिल होंगे।

-----

मटकी फोड़

न्यू किशोर क्लब, छोटा गोविंदपुर, 25 अगस्त

छोटा गोविंदपुर स्थित न्यू किशोर क्लब का मटका फोड़ प्रतियोगिता 25 अगस्त को है। यहां 23 को श्रीकृष्ण पूजनोत्सव के बाद 24 को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 25 अगस्त को मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी।

नाइट स्टार क्लब, सोनारी, 31 अगस्त

सोनारी स्थित नाइट स्टार क्लब का मटका फोड़ प्रतियोगिता 31 अगस्त को है। प्रतियोगिता के दिन क्लब के सदस्य उपवास में रहते हैं और पूजा अर्चना के बाद मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन करते हैं।

Posted By: Inextlive