आगरा। सावन के दूसरे सोमवार को एक बार फिर शहर शिवमय हो गया। सुबह से ही भक्तों का सैलाब मंदिरों में उमड़ पड़ा। बम-बम भोले के जयकारों से हर मंदिर गुंजायमान हो रहा था। शहर के प्रमुख शिव मंदिर- बल्केश्वर, राजेश्वर, पृथ्वीनाथ, कैलाश, रावली और मनकामेश्वर मंदिर में सुबह से रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ती रही। इधर रविवार शाम से शुरू हुई शिव परिक्रमा सोमवार दोपहर तक चली। परिक्रमार्थियों का जोश देखने लायक था। परिक्रमा में शामिल बच्चे, वृद्ध और जवान हर कोई भोले के जयकारे लगाता हुआ जा रहा था। बल्केश्वर में ऐतिहासिक मेला लगाया गया। सुबह भक्तों की भीड़ रही तो शाम को लोगों ने अपने बच्चों के साथ मेले का लुत्फ उठाया। मंदिर में पहुंचकर भक्तजनों ने जलाभिषेक कर भोलेनाथ को धतूरा, बेलपत्र चढ़ाकर पूजन किया। इधर दूरदराज से कांवर लेकर आए कांवडि़यों ने शिव मंदिरों में कांवड़ अर्पित की। शहर में जगह-जगह भंडारे व प्याऊ लगाए गए। प्रसाद वितरण किया गया। इधर सुरक्षा की दृष्टि से शिव मंदिरों में पुलिस की भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।

Posted By: Inextlive