-शाम 5 बजे से ही चांद देखने छतों पर जुटे लोग

-चांद देखते ही लोगों में दौड़ी खुशी की लहर

RANCHI: माह-ए-रमजान का चांद सोमवार को राजधानी रांची समेत राज्य भर में देखा गया। इसकी पुष्टि देर शाम दारुल कजा इमारत शरीया रांची के काजी शरीयत मुफ्ती मोहम्मद अनवर कासमी ने की। उन्होंने कहा कि रमजान उल मुबारक महीने का चांद देखा गया है और इसकी तसदीक कर ली गई। इसलिए मंगलवार से रोजा शुरू हो जाएगा। चांद दिखने के साथ ही तराबीह की नमाज सोमवार की रात से शुरू हो गई। मौलाना कासमी ने चांद नजर आने की मुबारकबाद शहर के लोगों को दी।

रमजान मुबारकबाद

इससे पहले शाम पांच बजे से ही लोग अपने घरों और आस-पास की छतों में नजर आए। इनमें महिलाओं और बच्चों के साथ पुरुष भी काफी संख्या में शामिल थे। मुसलिम मोहल्लों की छतों का नजारा देखकर ऐसा लग रहा था, मानो कोई मेहमान आ रहा हो। चांद दिखते ही लोगों ने इसे सलाम किया। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी।

रमजान की तैयारी शुरू

इसके बाद लोग रमजान के रोजे एवं तराबीह की तैयारी में जुट गए। महिलाएं जहां सेहरी और इफ्तार की तैयारी में लग गई, तो पुरुष तराबीह की नमाज अदा करने से पूर्व कुरआन को पढ़ते नजर आए। मस्जिदों के जिम्मेदारान एक ओर जहां मस्जिदों में तराबीह पढ़ने वाले नमाजियों के बैठने की व्यवस्था में लग गए वहीं, मोहल्लों के लोग लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने में लग गए।

तराबीह हुई शुरू

रमजान का चांद नजर आते ही राजधानी के सभी मुस्लिम कॉलोनियों, मोहल्लों और बस्तियों की मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़ी गई। लोग नहा-धोकर और पाक-साफ होकर एशा नमाज से पहले मस्जिद की ओर चल पड़े। देर रात काम करने वाले लोग तराबीह की नमाज पढ़ने के लिए छुट्टी लेकर शाम को ही अपने घर लौट आए।

-----

मेन रोड का बदला नजारा

चांद दिखने के बाद मेन रोड का नजारा बदला हुआ नजर आया। काफी संख्या में लोग रमजान के लिए जरूरी सामानों की खरीदारी करने मेन रोड पर आ गए। लेकिन, तराबीह की नमाज को लेकर लोग शाम सात बजे तक घर की ओर लौट भी गए।

---

Posted By: Inextlive