सिविल लाइंस पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर दो अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

ALLAHABAD: सिविल लाइंस के महात्मा गांधी मार्ग पर रहने वाले पुष्पराज के घर में घुसकर सोमवार रात कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। विरोध पर धमकी देते हुए तमंचे से फायरिंग की। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो गए। मंगलवार दोपहर पुलिस ने इसी मामले में हिस्ट्रीशीटर मोनू थापा व राजन सोनकर को दबोचा। अभियुक्तों को छुड़ाने के लिए परिजनों ने थाने का घेराव करना चाहा, लेकिन पुलिस ने भगा दिया।

पुलिस के मुताबिक पुष्पराज का बेटा जानू आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसका विवाद सिविल लाइंस निवासी मोनू व राजन से चल रहा है। कुछ दिन पहले उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। आरोप है कि वर्चस्व को लेकर सोमवार रात मोनू व राजन ने जानू के घर पर हमला कर दिया। जानू के नहीं मिलने पर तोड़फोड़ करते हुए पिता पुष्पराज को निशाने पर ले फायर किया। पुष्पराज ने सिविल लाइंस थाने में मोनू व राजन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चार बम बरामद हुए। राजन का भाई एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है। मंगलवार दोपहर वह कई साथियों के साथ थाने पहुंच गया और हंगामा करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने भगा दिया।

पकड़े गए अभियुक्तों पर कई थानों में अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मकान में घुसकर मारपीट और फायरिंग की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को पकड़ा गया है।

श्रीशचंद्र, सीओ, सिविल लाइंस

Posted By: Inextlive