-अयोध्या में राम जन्मभूमि के सामने अमावा मंदिर परिसर में शुरू हुई राम रसोई

-पहले दिन देशभर से आए 2200 श्रद्धालुओं को परोसा गया भोजन,

PATNA : पटना महावीर मंदिर न्यास समिति की ओर से रविवार को अयोध्या के अमावा मंदिर परिसर में राम विवाह की पंचमी के मौके पर राम रसोई शुरू की गई। अयोध्या में देशभर से राम जन्मभूमि का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को राम रसोई से भोजन परोसा जा रहा है। दिन में सुबह 11.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। रविवार को देशभर के विभिन्न राज्यों से आए 2200 श्रद्धालुओं ने राम रसोई में भोजनरूपी प्रसाद ग्रहण किया। राम रसोई का शुभारंभ रामलला के मुख्य अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने किया। बताया गया कि अयोध्या में केवल दिन में ही श्रद्धालुओं को राम रसोई से भोजन परोसा जाएगा। अयोध्या में आधार कार्ड देखकर ही राम रसोई के लिए श्रद्धालुओं को अमावा मंदिर में प्रवेश मिलेगा।

तिरुपति से आई कारीगरों की टीम

महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव आचार्य किशोर कुणाल बताते हैं कि अयोध्या के अमावा मंदिर में राम रसोई में उत्तर और दक्षिण भारतीय भोजन श्रद्धालुओं को परोसा जाएगा। उत्तर भारतीय व्यंजनों को बनाने के लिए पटना के कारीगरों को अयोध्या भेजा गया है, जबकि दक्षिण भारतीय भोजन तैयार करने के लिए तिरुपति से कुशल कारीगरों की टीम आई है।

कैमूर के मोकरी का चावल

श्रद्धालुओं को शुद्ध भोजन कराने के लिए बिहार के कैमूर (भभुआ) की पहाड़ी की तराई में उत्पादित विशेष किस्म के चावल से राम रसोई तैयार की जाएगी। मोकरी गांव के चावल को राम रसोई में भक्तों को परोसा जाएगा। रसोई में भोजन की शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है।

सीतामढ़ी में चल रही सीता रसोई महावीर मंदिर न्यास समिति की ओर से इस वर्ष 27 जनवरी को सीतामढ़ी में सीता रसोई शुरू की गई थी। यहां पर दोनों समय श्रद्धालुओं के भोजन की व्यवस्था की गई है।

Posted By: Inextlive