- मोबाइल पर कॉल कर अभद्र बातें और रास्ते में करता था छेड़खानी

- गुलरिहा थाने में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

GORAKHPUR: शहर के एक विश्वविद्यालय की प्रोफेसर ने मनबढ़ युवक पर छ़ेडखानी करने का आरोप लगाया है। इसके बाद से पुलिस ने मनबढ़ युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि मोबाइल पर कॉल कर अभद्र बातें करता है तथा विश्वविद्यालय आते-जाते समय रास्ते में छेड़खानी करता है। प्रोफेसर ने रविवार को इस मामले की शिकायत गुलरिहा पुलिस से की। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने आरोपी और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रोफेसर के पति बाहर नौकरी करते हैं। घर पर बेटे के साथ वह रहती हैं।

साथियों संग घर पहुंच की अभद्रता

पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया कि पिपराइच के चकदहा गांव का विकास यादव छेड़खानी करता है। आरोपी युवक ने कहीं से उनका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और कॉल कर अभद्र बातें करने लगे। उन्होंने उसे समझाया। इसके बाद भी उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं। प्रोफेसर ने मोबाइल उठाना बंद कर दिया तो रास्ते में पीछा कर छेड़खानी करने लगा। शनिवार को अपने दो साथियों के साथ उनके गेट तक चढ़ आया और अभद्र व्यवहार करने लगा। प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि घर के बगल में स्थित एक दुकान पर वह अपने साथियों के साथ बैठा रहता है। जब वह घर से निकलती हैं या कहीं से लौटती हैं तो पीछा कर उनके साथ छेड़खानी करता है। प्रोफेसर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विकास और उसके दो साथियों पर छेड़खानी, धमकी, एससी-एसटी एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

Posted By: Inextlive