-देर रात्रि की घटना, भांग का ठेका बंद कर रहा था सेल्समैन

-गोली मारकर फरार, आरोपियों की जानकारी कर रही पुलिस

Meerut : भांग नहीं देने पर नशेडि़यों ने शनिवार रात्रि सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी। हापुड़ अड्डे पर हुई इस घटना से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर, आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

ठेका बंद कर रहा था सुखवीर

ब्रह्मापुरी क्षेत्र में रह रहा 45 वर्षीय सुखवीर सिंह पुत्र शेर सिंह हापुड़ अड्डा स्थित सरकारी भांग के ठेके पर सेल्समैन है। यह ठेका नरेश कुमार और मनोज यादव का है। देर रात्रि करीब साढ़े नौ बजे बाइक सवार दो लोग ठेके पर पहुंचे और भांग मांगने लगे। सुखवीर ने कहा कि ठेका अब बंद हो गया और भांग नहीं मिलेगी। एक अन्य सेल्समैन सनी ने बताया कि आरोपी भांग उधार मांग रहे थे। इस बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। अभी कोई कुछ समझ पाता कि आरोपी ने गोट में रखे तमंचे से सुखवीर के पेट से सटाकर फायर झोंक दिया। तमंचा हवा में लहराते हुए हत्यारोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए तो वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सुखवीर की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

परिजन पहुंचे, मुकदमा दर्ज

घटनाक्रम की जानकारी पर थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल पर जुटी भीड़ को हटाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। सूचना पर मृतक के भाई जसवीर, गुरुमीत, चरनजीत आदि थाने पर पहुंचे और उन्होंने भाई सुखवीर की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। जानकारी के मुताबिक सुखवीर ब्रह्मापुरी में अपनी दूसरी पत्‍‌नी के साथ रह रहा था, उसका पहली पत्‍‌नी से दस साल पहले विवाद हो गया था, वो दो बच्चों के साथ फरीदाबाद में रह रही है। पुलिस हत्यारोपियों की जानकारी हासिल कर ही है।

---

भांग देने से मना करने पर बाइक सवार ने सुखवीर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हत्यारोपियों की जानकारी पुलिस जुटा रही है। जल्द गिरफ्तारी होगी।

-हरशरण शर्मा, एसओ, थाना नौचंदी

Posted By: Inextlive