-घर के बाहर-भीतर मंडराता रहा डॉग स्कवायड

-बेटी ने दो के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर

GORAKHPUR: डॉ। कफील खान के सगे मामा व जमींदार नुसरुतुल्लाह का मर्डर महज 10 सेकेंड के भीतर हुआ। गोली चलाने के बाद बाइक सवार शूटर अलहदादपुर की तरफ फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद एक व्यक्ति ने चारों तरफ ताक-झांक की। गली में देखकर वह घर में घुस गया। सीसीटीवी फुटेज में सीन क्लीयर होने की वजह से पुलिस ने शूटर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि घर के भीतर से ही घटना का राजफाश होगा। दो महिलाओं सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। इनमें नुसरुतुल्लाह का भतीजा व उनके साले शामिल हैं। रविवार शाम पोस्टमार्टम के बाद डेड बॉडी को घर के सामने खानदानी कब्रगाह में सुपर्द-ए-खाक किया गया।

दौड़ते हुए घर में घुसा, गोली मारकर भाग निकला

राजघाट एरिया के बनकटी चक निवासी नुसरुतुल्लाह उर्फ दादा को मोहल्ले के लोग नवाब साहब भी कहते थे। उनके पुराने मकान में एंट्री के कई रास्ते हैं। रात में खाना खाने के बाद वह अक्सर टहलते थे। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह टहलने निकले। दूसरे गेट तक जाकर वह वापस भीतर जाने को लौटे। तभी पहले से खड़ा एक युवक धड़धड़ाते हुए पहुंचा। घर के भीतर उनसे बात करते हुए गोली मार दी। गोली चलने की आवाज पर लोग बाहर आ आते। इसके पहले वह दौड़ते हुए बाहर आया। पहले से स्टार्ट खड़ी बाइक पर बैठकर अलहदादपुर की तरफ फरार हो गया।

दो नामजद के परिजनों को पुिलस ने उठाया

मर्डर की सूचना पर पुलिस अधिकारी पहुंच गए। नुसरुतुल्लाह उर्फ दादा की बेटी अनमतस ने मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने अपनी तहरीर में कहा कि बेनीगंज, रुद्रपुर मोहल्ले के अनिल सोनकर और गोरखनाथ, रसूलपुर निवासी इमामुद्दीन सिद्दीकी से रुपए के लेनदेन का विवाद था। बेटी ने आशंका जताई कि दोनों उनके पिता से दुश्मनी रखते थे। इसलिए साजिश कर उनके पिता की हत्या करा दी। एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। जांच में पता लगा कि घटना के बाद करीब 20 मिनट तक अनिल अपने घर पर था। लेकिन बाद में कहीं फरार हो गया। दोनों के परिजनों को हिरासत में लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है। हालांकि पुलिस अभी इस एंगल पर ज्यादा काम नहीं कर रही है। 2019 के सितंबर माह में नुसरुतुल्लाह ने अनिल सोनकर के खिलाफ एक करोड़ 95 लाख रुपए गबन का मामला कैंट थाना में दर्ज कराया था।

फुटेज में दिखा संदिग्ध, भतीजे से पूछताछ

घटना की तफ्तीश में पुलिस को अहम जानकारी मिली। पुलिस को संदेह है कि घर के भीतर का कोई व्यक्ति वारदात में शामिल है। उसने शूटर को हॉयर कर मर्डर को अंजाम दिलाया। फुटेज खंगालने पर जो तस्वीरें सामने आईं। उनमें एक युवक काफी देर से घर के कोने पर खड़ा था। बाइक सवार युवक ने घर के सामने एक चक्कर भी लगाया। बाद में वह एक जगह खड़ा हो गया। अपने हाते में गेट के भीतर टहलते हुए जैसे ही दादा भीतर जाने लगे। शूटर दौड़ते हुए उन तक पहुंचा। गोली चलाकर फौरन वापस आ गया। तेजी से बाइक पर सवार होकर निकल गया। नाक के ऊपर गोली लगने से पुलिस ने आशंका जताई कि शूटर ने सिर्फ सलाम किया। इसके बाद गोली दाग दी। गोली चलने के बाद एक व्यक्ति घर के भीतर से निकला। गेट पर जाकर उसने दोनों तरफ देखा। फिर वह भीतर चला गया। उसकी चाल में कोई ऐसी तेजी नहीं थी जिससे यह अंदाजा लगे वह घबराया हुआ है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। यह तथ्य सामने आने के बाद फैमिली से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के पहुंचने पर वह सामने नहीं आ रहा था। घर के माहौल से भी पुलिस क्लू तलाशने में जुटी रही। रविवार को दिनभर नवाब के घर पर शुभचिंतकों का ताता लगा रहा। मोहल्ले के सीसीटीवी फुटेज देखकर क्राइम ब्रांच की टीम कातिल तक पहुंचने की कवायद करती रही।

रुपए और प्रापर्टी नहीं, तीसरी वजह

पुलिस का मानना है कि रुपए और प्रापर्टी के विवाद में नुसरुतुल्लाह का मर्डर नहीं हुआ। बल्कि एक तीसरी वजह है जिस पर पुलिस का शक बढ़ता जा रहा है। रविवार शाम तक हुई जांच में पता लगा है कि गोली मारने वाला हॉयर किया गया था। लेकिन उसे किसने हॉयर किया। इसकी जानकारी के लिए कडि़यां जोड़ी जा रही हैं। जिन लोगों के खिलाफ नामजदगी हुई है। उनके बजाय कुछ अन्य को संदेह के दायरे में रहकर सबूत जुटाए जा रहे हैं। उनकी दो बेटियां और एक बेटे हैं। बेटा लखनऊ में रहकर वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी सीख रहा है। उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था। इसलिए उन्होंने तीन साल पूर्व दूसरी शादी कर ली थी। रात में डॉग स्कवायड की टीम पहुंची तो डॉग गेट से लेकर घर के भीतर ही घूमते रहे। भीतर एक कमरे में ताला बंद होने के सवाल पर परिजन मामले को टाल गए। रविवार को एसपी सिटी, सीओ कोतवाली, सीओ क्राइम सहित अन्य पुलिस अधिकारी छानबीन में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने जल्द पर्दाफाश की संभावना जताई।

Posted By: Inextlive