-साले ने बहनोई के भाई को गोलियों से भूना

-गुलरिहा एरिया के झुंगिया बाजार की घटना

GORAKHPUR: नागपंचमी के दिन कबड्डी खेलने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार दोपहर गुलरिहा एरिया के झुंगिया बाजार में हुई। प्रेम विवाह को लेकर पांच साल से चल रही रंजिश में युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। घटना स्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। झाड़ी में फेंकी पिस्टल और एक खोखा बरामद कर पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

खेलते युवक की गरदन पर दागी गोली

झुंगिया बाजार निवासी रामकुंवर का बेटा परशुराम नाग पंचमी पर कबड्डी खेलने गया था। दोपहर में करीब डेढ़ बजे गांव का विशाल पहुंचा। कबड्डी खेल रहे परशुराम को टारगेट करके पीछे से गोलियां दाग दी। गरदन में गोली लगने पर वह गिरकर तड़पने लगा। गोली चलाकर विशाल भाग निकला। कबड्डी खेल रहे साथियों ने परशुराम को मेडिकल कालेज पहुंचाया। काफी प्रयास के बाद भी डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। रामकुंवर की तहरीर पर विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

पांच साल से चल रही थी रंजिश

पुलिस की छानबीन में सामने आया कि परशुराम के बड़े भाई ने विशाल की बहन से शादी कर ली थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने पर घर से भाग गए थे। उनके लौटने पर परिवार के बीच रंजिश बढ़ गई। तभी से दोनों परिवारों के बीच टशन चल रही थी। कई बार विवाद भी हुए थे। गांव में चर्चा थी कि परशुराम और उसके परिवार के लोगों को कई बार जानमाल की धमकी मिली। लेकिन तब किसी ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों को लगा कि धीरे-धीरे मामला शांत हो जाएगा। हालांकि दोनों परिवारों के बीच मोहब्बत की अदावत चलती रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही विशाल को अरेस्ट कर ि1लया जाएगा।

वर्जन

युवक की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

रोहित सिंह सजवाण, एसपी नार्थ

Posted By: Inextlive