- गुलरिहा एरिया के फुलवरिया की घटना

- चाकूबाजी में दो हालत की नाजुक

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के फुलवरिया में प्रधानी को लेकर तलवार चली। सोमवार की शाम करीब साढ़े छह बजे हुई घटना में प्रत्याशी के पति सहित पांच लोग घायल हो गए। घटनास्थल से थोड़ा दूरी पर मौजूद दो सिपाही तमाशा देखते रहे। पब्लिक के जुटने पर हमलावर अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। गांव के लोगों ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया। पीडि़त पक्ष की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रचार से लौट रहे पूर्व प्रधान

फुलवरिया गांव के भूतपूर्व प्रधान त्रियोगी की पत्‍‌नी अंजू प्रधान पद की उम्मीदवार हैं। उनके मुकाबले में गांव के मदन सिंह परिहार की पत्‍‌नी क्षमा सिंह चुनाव लड़ रही हैं। दोनों पक्षों ने चुनाव जीतने के लिए दमखम लगा दिया है। इसको लेकर उनके बीच कई बार कहासुनी हो चुकी है। सोमवार की शाम त्रियोगी अपने बेटे नवनीत, भतीजे महेंद्र, राजू और आकाश के साथ प्रचार करने निकले। साढ़े छह बजे सभी लोग केवटलियां से जनसंपर्क करके लौट रहे थे। आरोप है कि तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार से हमला बोल दिया।

तमाशा देखते रहे सिपाही

अचानक हमले से त्रियोगी पक्ष के लोग सकते में आ गए। तभी उधर से गश्त करने निकले सिपाही अंजनी सिंह और हरेंद्र पहुंच गए। लोगों को लगा दोनों सिपाही हस्तक्षेप करेंगे, लेकिन सिपाही भी चुपचाप तमाशा देखते रहे। हमले की सूचना पर लोग दौड़े तो हमलावर अपनी लग्जरी गाडि़यां छोड़कर फरार हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो उल्टे पीडि़तों को हड़काना शुरू कर दिया। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष एक दारोगा के नजदीकी रिश्तेदार हैं। इस वजह से पुलिस उनकी मदद कर रही है। त्रियोगी ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह भी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके समर्थक नरेश भारद्वाज पर हमला किया था।

मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। घायलों को मेडिकल कॉलेज में एडमिट कराया गया है।

डीएन शुक्ला, सीओ, गोरखनाथ

Posted By: Inextlive