बॉलीवुड में 'भारत कुमार' के नाम से पहचान बनाने वाले अभिनेता मनोज कुमार अब बनाने जा रहे हैं फिल्‍म। इस क्रम में खबर है कि इन्‍होंने अब गणितज्ञ और खगोलशास्त्री आर्यभट्ट पर फिल्म बनाने की घोषणा की है। फिल्‍म की कास्टिंग जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि मनोज कुमार को हाल में प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के अवार्ड देने की घोषणा की गई है।

ऐसी है जानकारी
इस बारे में खुद मनोज कुमार ने बताया है कि वह निर्देशक के तौर पर जल्द बॉलीवुड में वापसी करने जा रहे हैं। फिलहाल उनका नया प्रोजेक्ट आर्यभट्ट पर होगा। वह आर्यभट्ट पर फिल्म बनाएंगे। इस फिल्म के जरिए दर्शकों को आर्यभट्ट के योगदान के बारे में सारी जानकारी दी जाएगी। बताया गया है कि फिल्म की कहानी बेहद दिलचस्प होने वाली है।
मनोज कुमार ने बताया
मनोज कुमार ने ये भी बताया कि वह इस प्रोजेक्ट पर लंबे समय से काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि काफी जटिल विषय होने के कारण इसकी स्क्रिप्ट पर पिछले तीन वर्षों से लगातार काम किया जा रहा है। तब कहीं जाकर अब इसकी कहानी पूरी हो सकी है। फिल्म में आर्यभट्ट से जुड़े कई ऐसे बड़े राजों का खुलासा जाएगा, जो सभी के लिए नए होंगे।
एक नजर पीछे भी
मनोज कुमार का कहना है कि वह फिल्म में नए कलाकारों को मौका देना चाहते हैं। ऐसे में कास्टिंग का काम उन्होंने नमित कपूर को सौंपा है। याद दिला दें कि मनोज कुमार ने 1967 में निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। बतौर निर्देशक 'उपकार' उनकी पहली फिल्म थी। उन्होंने इसके अलावा पूरब और पश्चिम, और क्रांति जैसी फिल्में भी बनाई हैं।

inextlive from Bollywood News Desk

 

Posted By: Ruchi D Sharma