अनुष्का के सामने घुटने टेकने पर ट्रोल हुए मनोज तिवारी
Updated Date: Sat, 05 Aug 2017 04:11 PM (IST)सांसद और गायक मनोज तिवारी की एक हरकत ने उन्हें सोशल मीडिया पर चर्चित बना दिया। दरअसल मनोज ने फिल्म एक्ट्रेस अनुष्का के सामने घुटनों के बल बैठकर भोजपुरी गाना गाया। एक सांसद का इस तरह व्यवहार कुछ लोगों को पसंद नहीं आया और उन्होंने मनोज तिवारी को ट्रोल करना शुरु कर दिया।
शाहरुख की फिल्म से जुड़ा मामला
फिल्म 'जब हैरी मेट सेजल' के प्रमोशन के लिए शाहरूख और अनुष्का बनारस पहुंचें थे। भोजपुरी के सुपर स्टार और भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने अपनी गृहनगरी बनारस में हैरी और सेजल के साथ उनके डायरेक्टर इम्तियाज अली की काफी दिल से मेजबानी की और उन्हें गाना भी सिखाया। मनोज तिवारी ने शाहरुख खान को भोजपुरी गाना भी सिखाया और हमेशा जोश में रहने वाले शाहरुख ने अनुष्का के लिए लगावेलू तू लिपस्टिक यह गाना गा भी दिया।
घुटनों के बल बैठ गए सांसद मनोज तिवारी
इतना तो ठीक था लेकिन जब मनोज तिवारी शाहरुख के साथ अनुष्का के सामने घुटनों के बल बैठे। तो लोगों को यह बात बिल्कुल ठीक नहीं लगी। टि्वटर पर यूजर्स ने मनोज तिवारी को ट्रोल करना शुरु कर दिया। कुछ लोगों ने कहा कि एक सांसद का इस तरह जमीन पर बैठना कतई शोभनीय नहीं लगता। मनोज अब एक गायक बाद में पहले माननीय सांसद हैं। यह मामला इसलिए भी बढ़ गया कि एक बार मनोज ने ही एक शिक्षिका द्वारा गाने की फरमाइश करने पर उसे डांट लगा दी थी। अब जब अनुष्का सामने आईं तो मनोज जमीन पर बैठ गए।