गोरखनाथ थाना क्षेत्र के शक्तिपुरम विलंदपुर खंता के रहने वाले श्री प्रह्लाद सिंह पेशे से दीवानी कचहरी में पेशकार हैं। उनकी बेटी रचना सिंह (26) महाराणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में फाइन आ‌र्ट्स की शिक्षिका हैं। रचना की शादी नवंबर 2019 में ग्राम-गौरीबुजुर्ग थाना गौरी बाजार जनपद देवरिया के रहने वाले संजीव कुमार सिंह पुत्र श्रवण सिंह के साथ तय हुई थी। संजीव पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और पुणे में जॉब करते हैं। इनकी शादी एक मई को शहर के एक मैरिज हॉल में होनी थी पर कोरोना के प्रकोप के चलत यह संभव नहीं था। परिजनों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तय किया कि शादी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए होगी। प्रह्लाद सिंह ने घर पर ही शादी करने के लिए अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। अपर जिलाधिकारी ने सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के साथ घर पर शादी की अनुमति दी। साथ ही दूल्हे के परिवार को देवरिया से आने के लिए पास भी जारी कर दिया। संजीव, उनके पिता और उनके भाई की मौजूदगी में शादी शुक्रवार शाम 5 बजे रचना के घर पर पुरोहित की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान से संपन्न हुई।

Posted By: Inextlive