RANCHI:अपनी माटी। अपने देश के लिए वीर मर मिटे। लिख डाली शहादत की अमर गाथा। झारखंड के सैकड़ों वीर सपूतों पर हर कोई नाज करता है। भारतीय सेना की कोकरेल डिवीजन द्वारा दीपाटोली स्थित मिलिट्री स्टेशन में रविवार को शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने के साथ ही परिजनों की आंखें नम हो उठीं। सम्मान पाने वालों में एक कर्क रोगी पूर्व सैनिक, सात अनाथ बच्चे और द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिक भी शामिल हैं। लेफ्टिनेंट जनरल ज्ञान भूषण और उपायुक्त राय महिमापत रे ने शॉल पहना कर उनका सम्मान किया। साथ ही उन्हें सहायता राशि भी दी। राज्य प्रशासन और विभिन्न जिला सैनिक केंद्रों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों का कल्याण और एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का निराकरण था। सम्मान समारोह के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल ज्ञान भूषण ने उपस्थित पूर्व सैनिकों और शहीद के परिजनों को संबोधित किया।

पेंशन संबंधी समस्याओं का हल

कार्यक्रम में 15 सेना के रिकॉर्ड ऑफिसों के भी स्टॉल लगे थे। यहां पर पूर्व सैनिकों की पेंशन और नाम में गलती आदि समस्याओं का निराकरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न सरकारी और सैनिक संस्थाओं जैसे सैनिक कल्याण निदेशालय, जनसंवाद, भूमि विभाग आदि ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान करीब 200 पूर्व सैनिकों ने अपनी समस्याओं का निराकरण कराया।

मेडिकल कैंप का उठाया लाभ

आयोजन स्थल पर चिकित्सा शिविर लगाया गया था। सैनिक, उनके परिजन और आम लोगों ने दांत, नेत्र, और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच और इलाज कराया। पूरा आयोजन दोपहर तीन बजे तक चला। करीब चार घंटे के शिविर में प्राथमिक उपचार की सभी सुविधाएं उपलब्ध थीं। लोगों के खाने-पीने का भी इंतजाम किया गया था।

Posted By: Inextlive