पद्म पुरस्कारों के लिए पहली बार सिर्फ महिला खिलाड़ियों के नामों की सिफारिश की गई है। बाॅक्सिंग चैंपियन मैरी काॅम का नाम पद्म विभूषण के लिए नाॅमिनेट किया गया है।


नई दिल्ली (आईएएनएस)। प्रतिष्ठित पद्म विभूषण पुरस्कार के लिए छह बार की वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज मैरी कॉम के नाम की सिफारिश की गई है। खेल जगत के इतिहास में यह पहली बार होगा जब किसी महिला एथलीट का नाम भारत रत्न के बाद देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान के लिए खेल मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत किया गया है। खेल मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, मैरी काम का नाम पद्म पुरस्कारों के लिए मंत्रालय द्वारा अनुशंसित नौ खिलाड़ियों में शामिल है और सभी नौ एथलीट महिलाएं ही हैं। मैरी काॅम के अलावा इस लिस्ट में बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु का नाम भी शामिल है। जो अगस्त में विश्व चैम्पियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी। सिंधू के नाम की देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण के लिए सिफारिश की गई है।मैरी काॅम होंगी चौथी खिलाड़ी
मैरी कॉम को 2013 में पद्म भूषण और 2006 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। अगर उन्हें पद्म विभूषण पुरस्कार मिलता है, तो वह 2007 में शतरंज के जादूगर विश्वनाथन आनंद, 2008 में क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और पर्वतारोही एडमंड हिलेरी के बाद ऐसा करने वाली चौथी खिलाड़ी बन जाएंगी। सर एडमंड हिलेरी को 2008 में मरणोपरांत यह पुरस्कार मिला था। खेल मंत्रालय द्वारा उनके नाम की सिफारिश किए जाने के बाद सिंधु को पद्म भूषण सम्मान 2017 के लिए अनदेखा कर दिया गया था। उन्हें 2015 में पद्मश्री मिला था।पद्रम श्री के लिए सात नामों की सिफारिशइस वर्ष की सूची में अन्य सात महिलाओं को पद्म श्री के लिए सिफारिश की गई है। टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस लिस्ट में पहलवान विनेश फोगट, टेबल टेनिस स्टार मनिका बत्रा, महिला टी 20 कप्तान हरमनप्रीत कौर, हॉकी कप्तान रानी रामपाल, पूर्व शूटर सुमा शिरूर और पर्वतारोही जुड़वां बहनें ताशी और नुंग्शी मलिक हैं। सिफारिशों को गृह मंत्रालय में पद्म पुरस्कार समिति को भेजा गया है। पुरस्कार विजेताओं के नामों की घोषणा अगले साल गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर की जाएगी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari