- रेलवे ट्रैक बनने के कारण नाला हुआ खत्म

- कॉलोनी में पानी की निकासी न होने के कारण भरा गंदा पानी

- दांतल गांव में रोड हुई खत्म, लोगों को हो रही दिक्कत

-सीवर एमडीए और नगर निगम के बीच फंसे

-सीवर उगल रहे गंदगी लोगों का जीना हुआ दुश्वार

Meerut। कंकरखेड़ा के वार्ड 16 में पॉश कॉलोनी श्रद्धापुरी, गांव दांतल, जिटौली और नटरेशपुरम क्षेत्र आता है। इसी वार्ड में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय आता है। बावजूद इसके इस वार्ड में गंदगी और पानी की निकासी ने क्षेत्रीय लोगों के सिर में दर्द कर रखा है। एमडीए की कॉलोनी श्रद्धापुरी कुछ दिन पहले नगर निगम के सुपुर्द हो चुकी है, लेकिन सीवर सिस्टम अभी भी एमडीए के पास है। उसके बाद भी कॉलोनी के सीवर सिस्टम की व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो चुकी है। इस वार्ड से निकलने वाला गंदा पानी के लिए बना नाला रेलवे डबल ट्रैक बनने के कारण पूरी तरह से खत्म हो चुका है। जिस कारण कॉलोनी में गंदा पानी जमा हो गया है।

महंगे मकान सुविधा जीरो

कंकरखेड़ा के वार्ड 16 में मेरठ विकास प्राधिकरण की पॉश कॉलोनी श्रद्धापुरी में लोगों के अनुरूप सुविधा नहीं है, जिस कारण लोग अपने को ठगा से महसूस कर रहे हैं। कॉलोनी में मकान आवंटित होने से पहले मूलभूत सुविधाओं का विभाग ने वादा किया था, लेकिन अब विभाग ने नगर निगम के कॉलोनी को सुपुर्द कर दिया है। जिस कारण नालों की सफाई और नाली की सफाई नहीं हो रही है। गंदगी सड़क पर फैलने लगी है।

पार्क हुए वीरान

कॉलोनी में बच्चों के खेलने के लिए पार्को की व्यवस्था की गई थी, लेकिन उन पर एमडीए और न ही नगर निगम ध्यान दे रहा है। दोनों विभागों की उपेक्षा का शिकार हुए पार्क बच्चों के खेलने के लायक नहीं है। पार्को से झूले और हरियाली पूरी तरह से खत्म हो चुकी है। पार्क में केवल लंबी खास खड़ी है, जिस कारण उसमें सांप और जहरीले कीड़े का खतरा रहता है।

नहीं है स्ट्रीट लाइट

नटरेशपुरम और श्रद्धापुरी, दांतल और जिटौली के मुख्य मार्गो पर स्ट्रीट लाइटें खंभों से लापता हैं। शाम होने के साथ ही रोड पर अंधेरा छा जाता है। कई बार अंधेरा का फायदा उठाकर बदमाश लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उसके बाद भी नगर निगम ने कोई ध्यान नहीं दिया है। शायद विभाग को किसी बड़ी घटना का इंतजार है। वहीं कॉलोनी के लोगों का दर्द बढ़ता जा रहा है।

कॉलोनी बनी तलाब

रेलवे डबल ट्रैक होने के कारण ट्रैक के पास नाले को खत्म कर दिया गया है। इस नाले में वार्ड 16 क्षेत्र के अलावा अन्य क्षेत्रों का भी गंदा पानी आता था। नाला बंद होने के कारण कई स्थानों पर गंदा पानी भर चुका है, जिसके बाद लोगों का पैदल चलना भी काफी मुश्किल हो चुका है।

दांतल व जिटौली का मार्ग ध्वस्त

इस वार्ड के गांव दांतल और जिटौली आते हैं। इस गांव में हिन्दू मुस्लिम दोनों की मिश्रित आबादी आती है। गांव में आने जाने का एक मुख्य मार्ग है। जो नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का शिकार है। रोड केवल नाम की ही है। इस रोड पर केवल गड्ढ़े ही है .सफाई व्यवस्था भी नाम की ही है। जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। गंदगी से मच्छरों और बीमारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिस कारण ग्रामीणों में भय की स्थिति पैदा हो गई है।

नगर निगम कार्यालय न होता काम

इस वार्ड में नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय आता है। जिसमें कंकरखेड़ा और मोदीपुरम आता है। लोगों की शिकायत यहां काम करने वाले कर्मचारियों से है। इस वार्ड के लोगों का कहना है कि जब सफाई और प्रकाश व्यवस्था, हाउस टैक्स की बात करने के लिए जाते हैं तो कर्मचारियों का रवैया काफी खराब रहता है। जिस कारण फरियादियों को उल्टे पैर लौटना पड़ता है।

केवल हाउस टैक्स वसूल होता है

कंकरखेड़ा कस्बे का काफी बड़ा हिस्सा इस वार्ड में आता है। इसी वार्ड में मेरठ विकास प्राधिकरण की पॉश कॉलोनी श्रद्धापुरी आती है। पॉश कॉलोनी होने के कारण हाउस टैक्स भी अधिक है। उसके बाद भी कोई सुविधा नहीं है। इस वार्ड के लोगों को अपनी मूलभूत सुविधाओं का नगर निगम और एमडीए से इंतजार है।

पानी की निकासी और नाले के निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। पानी निकासी नहीं होने के कारण रोड़ पर गंदगी पसर गई है। लोगों को घरों में आने जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ठाकुर जयवीर सिंह

रिटायर्ड अधिकारी

रेलवे ट्रैक बन चुका है, उसके बाद भी नगर निगम, अन्य किसी विभाग ने पानी की निकासी के लिए नाला नहीं बनवाया है । जिस कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो चुकी है।

सुधीर सिंह

श्रद्धापुरी

एमडीए ने मकान आवंटित करते समय हर सुविधा देने की बात की थी। उसके बाद भी पार्क व सड़क कॉलोनी में खराब हो चुकी हैं। विभाग उसके बाद भी कोई विकास कार्य नहीं हो रहा है। अगर विकास कार्य नहीं हुए तो विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।

संजय सोम

श्रद्धापुरी

गांव दांतल का एक मुख्य मार्ग है। उसके बाद भी नगर निगम और नेताओं की उपेक्षा का शिकार है। रोड केवल नाम की ही है। इस पर गहरे गड्ढ़े ही गड्ढ़े हैं। जिसमें बच्चे गिर कर घायल हो रहे हैं।

परमवीर दांतल

गांव दांतल

गांव जिटौली में कोई भी सफाई कर्मचारी नहीं आता है। जिस कारण सड़क पर गंदगी फैली हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद भी गांव में आने की जहमत नहीं उठाता है। खंभों पर लाइटें भी नहीं है।

अजय सिंह

गांव जिटौली

नगर निगम हाउस टैक्स लगातार बढ़ाता जा रहा है। जब सुविधा देने की बात करें तो कुछ नहीं मिलता है। पानी की निकासी इस समय कॉलोनी की सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है। इस समस्या का समाधान होना चाहिए।

जितेंद्र सिंह

श्रद्धापुरी

कई बार पानी, रोड और नाले के निर्माण की मांग विभाग के अधिकारियों के समाने उठाई गई है। उसके बाद भी कोई कार्य नहीं हो रहा है। विभाग की उदासीनता की शिकार हम लोग हो रहे हैं। क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ओमवती

पार्षद

नाले की समस्या और सड़क निर्माण की समस्या के बारे में नगर आयुक्त से बात कर जल्द ठीक कर दी जाएगी। क्षेत्र की परेशानियों के बारे में अधिकारियों से जल्द समाधान करने के लिए कहा जाएगा। क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं।

सत्यप्रकाश अग्रवाल

कैन्ट विधायक

रेलवे में काम होने के कारण नाला बंद हो गया था। नाले का निर्माण नए सिरे से किया जाएगा। जिसके लिए एक टीम को गठित कर दिया गया है। मैं स्वयं क्षेत्र का दौरा करूंगा, जो कमी है उससे चिह्नित कर निपटारा किया जाएगा। विकास कार्यो में तेजी लाई जाएगी।

उमेश प्रताप

नगर आयुक्त

Posted By: Inextlive