रैप सिंगर बादशाह के गाने लगातार धूम मचा रहे हैं। हालिया रिलीज फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में गाया उनका तारीफें खासा पसंद किया गया। रियलिटी शो 'दिल है हिंदुस्ताानी' सीजन 2 में वह फिर जज की भूमिका में नजर आएंगे।

रैप सिंगर बादशाह के गाने लगातार धूम मचा रहे हैं। हालिया रिलीज फिल्म 'वीरे दी वेडिंग' में गाया उनका तारीफें खासा पसंद किया गया। रियलिटी शो 'दिल है हिंदुस्ताानी' सीजन 2 में वह फिर जज की भूमिका में नजर आएंगे। उनसे बातचीत 

फिल्मों की सफलता में निर्माता गानों को कितना श्रेय देते है? 

-फिल्म का माहौल बनाने के लिए गाने बहुत जरूरी होते हैं। दरअसल, लोगों की यादाश्त काफी कमजोर होती है। फिल्म से जुड़ाव के लिए गाना होना बहुत जरूरी है। 'वीरे दी वेडिंग' इसका बेहतरीन उदाहरण है। उसका म्यूजिक उम्दा था। उससे भी फिल्म का माहौल बनाने में मदद मिली। मुझे लगता है कि अच्छे गानों का होना बेहद जरूरी है।

आपने तारीफें.. गाना कैसे तैयार किया था?

- उस गाने से जुड़ी कई यादें हैं। मोहित मारवाह की शादी के सिलसिले में हम अबूधाबी गए हुए थे। उसी दौरान फिल्म की सहनिर्माता रिया कपूर ने मुझे एक गाना सुनाया, जो किसी और ने गाया था। मुझसे पूछा कि गाना कैसा है? मैंने कहा बहुत अच्छा। उन्होंने कहा -तुम इसमें रैप करो। मैंने कहा मैं पूरा गाना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि तुम गाने तो गाते नहीं हो? मैंने कहा गाता हूं, पर किसी को पता नहीं। मैंने रिया को गाना सुनाया, तो उन्हें पसंद आया। इस तरह मैंने यह गाना गाया। 

हमारे देश में गिनती के रैपर हैं। क्या इस क्षेत्र को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है? 

- इस क्षेत्र को विकसित होने में थोड़ा वक्त लगेगा। अंडरग्राउंड सीन में बहुत बेहतरीन रैपर हैं, बस उन्हें उबरने में थोड़ा वक्त लगेगा। पश्चिमी देशों में रैप पांच दशक से ज्यादा समय से प्रचलित है। हमारे यहां रैप अभी नया ही है। फिर भी रैपर को बहुत एक्सपोजर मिल रहा है। मैं खुद रैपर हूं और रियलिटी शो में बतौर जज शामिल हो रहा हूं। 

रैप में प्रयुक्त शब्दों को लेकर विरोध होता है..? 

- हो सकता है कि जो चीज आपको बुरी लगे, वह मुझे न लगे। कोशिश यह होनी चाहिए कि किसी की भावना आहत न हो। कुछ को आपत्ति हो रही है, जबकि बड़ी तादाद में लोग पसंद कर रहे हैं। कुछ लोग रैप के शब्दों को प्रासंगिक भी बताते हैं। क्योंकि हम उनकी बातों को ही बता रहे हैं। 

आपने कहा था कि जरूरी नही है कि हर रैप के गाने पर डांस किया जाए?


- बिल्कुल। मेरे खुद के ही कितने रैप है, जिन पर डांस नहीं किया जा सकता। मेरा नया एलबम 17 अगस्त को रिलीज होगा। उसमें भी कई सैड सांग हैं। रैप तो किसी भी चीज पर हो सकता है। पानी की बोतल या फोन पर भी। रैप का अर्थ है रिदम और कविता। लेकिन जरूरी नहीं है हर रैप पर नाचा ही जाए। कुछ रैप बैठकर सुने भी जा सकते है। कुछ रैप आपको अपनी जिंदगी के बारे में सोचने पर मजबूर करते हैं। कुछ रैप आपको थिरकने को उत्साहित करते हैं। 

'रिएलिटी शो' में आप दोबारा जज के तौर पर आ रहे हैं। इस बार क्या नया दिखेगा?

- इस बार और भी टैलेंटेड लोग देखने को मिलेंगे। इस बार सुनिधि चौहान और प्रीतम साथ हैं। सुनिधि तो गायिकी की दुनिया का चमकता सितारा हैं। प्रीतम के गाने ही लोग प्रतियोगिता में ज्यादा गाते हैं। मगर हां, मैं शेखर रवजियानी और करण जौहर को इस बार बहुत मिस करूंगा। 

हाल में लता मंगेशकर ने क्लासिक गानों के साथ छेड़छाड़ बंद करने की बात कही थी। आप क्या कहना चाहेंगे? 

- मैं उनकी बात से पूरी तरह सहमत हूं। कुछ गानों साथ छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए। कुछ गानों को पूरी तरह न्याय नहीं मिला। उन गानों का रीमिक्स बनाया जा सकता है। वहीं प्रोड्यूसर के नजरिए से देखें, तो उनके लिए सुरक्षित रास्ता है। उनका काफी पैसा दांव पर लगा होता है। वे चाहेंगे कि पहले से हिट गाने का रीमिक्स बने। उससे उनका रिस्क कम होता है। मैं दोनों के नजरिए को समझ रहा हूं। जो मुझे काम दे रहा है, मुझे उसके लिए तो काम करना ही होगा।

-स्मिता श्रीवास्तव

'फन्ने खां' के फर्स्ट लुक पर अनिल कपूर बोले ये है मेरी कहानी, 26 जून को रिलीज होगा टीजर भी

विशाल भारद्वाज ने अगली फिल्म का ऐसा रखा टाइटिल, मच सकता है हंगामा

Posted By: Kartikeya Tiwari