-दवा व्यापारी को गोली मारने का मामला

-आये दिन हो रही ताबड़तोड़ घटनाओं से व्यापारियों में उबाल

GORAKHPUR: दवा व्यापारी से लूट और गोली मारने के मामले में बुधवार को व्यापारी काफी गुस्से में नजर आए। दवा व्यापारी समिति की भलोटिया मार्केट में मीटिंग हुई। करीब 1.30 बजे से व्यापारी एकजुट होकर गांधी प्रतिमा के पास धरना-प्रदर्शन किए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने मार्ग जाम कर दिया। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस को मिली मौके पर पहुंची गए। पुलिस के अथक प्रयास के बाद जाम हटाया गया।

जल्द खुलासा नहीं हुआ तो आंदोलन

इस घटना से व्यापारी डरे-सहमे हैं। दवा व्यापारियों में काफी आक्रोश है। यहां की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पुलिस का भय नहीं दिख रहा है। पुलिस बदमाशों को पकड़ पाने में नाकाम साबित हो रही है।

योगेंद्र नाथ दुबे, संयुक्त मंत्री

पुलिस का खौफ नहीं दिख रहा है। वह सिर्फ वसूली में लगी है। इसी का नतीजा है कि आये दिन व्यापारी लूटे जा रहे हैं और वह बदमाशों की गोली का निशाना बन रहे हैं। इसे लेकर व्यापारियों में रोष है। इसे लेकर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

-आलोक चौरसिया, दवा व्यापारी

सुशील तुलस्यान के साथ हुई घटना को लेकर डीआईजी से मुलाकात की गई थी। उन्होंने पुलिस पिकेट लगाने का आश्वास दिया था लेकिन यह भी ठंडे बस्ते में हैं। बेखौफ बदमाशों सिटी में व्यापारियों पर कहर बन कर टूट रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

-अरुण बंका, दवा व्यापारी

महानगर में व्यापारी असुरक्षित हैं। आये दिन हो रही लूट, हत्या, दुष्कर्म, छीनैती की घटनाओं से महानगरवासी भयभीत हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह से फेल हो चुकी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुका है। पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगाने में नाकाम है। कहा कि मामले का खुलासा जब तक नहीं होता है तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

दिलीप सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री

वर्जन

मामले की जांच की जा रही है। परिवार वालों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

-राजीव सिंह, इंस्पेक्टर कैंट

बॉक्स

असलहे का लाइसेंस लेने का मन बनाया

GORAKHPUR: सिटी में बढ़ती लगातार आपराधिक वारदातों से लोगों में दहशत है। इस माहौल में व्यापारी अपनी और अपने कारोबार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मंगलवार को दवा व्यापारी से गोली मारकर हुई लूट के बाद दवा मार्केट के व्यापारी सामूहिक रूप से असलहे का लाइसेंस लेने के लिए आवेदन का मन बना रहे हैं। दवा कारोबारियों का कहना है कि पुलिस कहीं है ही नहीं। अब पुलिस से हमारी और हमारे कारोबार की सुरक्षा नहीं हो सकती। ऐसे में डीएम को हमारी सुरक्षा के लिए तत्काल लाइसेंस जारी करना चाहिए।

वर्जन

सिटी में लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। छह महीने के अंदर करीब दर्जन भर व्यापारियों से लूट हुई है। इसमें से करीब आधा दर्जन वारदातें तो बैंक और इसके आसपास के एरिए में हुई हैं। युवा व्यापार मंडल के पदाधिकारी बंदूक के लाइसेंस के लिए आवेदन करेंगे।

-मनीष सक्सेना, अध्यक्ष युवा उद्योग व्यापार मंडल

Posted By: Inextlive