- मोनू व अरविंद ने दो लाख रुपये में तय किया था फरारी का सौदा

- अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है पुलिस

- बसपा नेता के रिश्तेदार का बताया जा रहा है हाथ

Meerut: सिविल लाइन में पेशी पर जाते समय पुलिस कस्टडी से मोनू व अरविंद को फरार कराने वाले तीन बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। खास बात यह है कि जो बंदी फरार हुए हैं, वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। पुलिस ने तमंचे, कारतूस और दो बाइक बरामद की है। बाकी दो बंदी समेत चार बदमाश अभी फरार चल रहे हैं।

क्या था मामला

नौ जनवरी को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार से मोनू निवासी अछरौंडा परतापुर, अरविंद निवासी दौराला और हिमांशु समेत सात बंदियों को बाल संप्रेक्षण गृह में पेशी पर ले जाया गया था। पेशी से लौटते वक्त जैसे ही पुलिस की गाड़ी विक्टोरिया पार्क के पास स्पो‌र्ट्स कालोनी के सामने पहुंची तो सात बदमाशों ने पुलिस पर हमला बोलकर मोनू, अरविंद और हिमांशु को फरार करा दिया था। हालांकि कुछ कदम की दूरी पर हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मोनू और अरविंद फरार होने में कामयाब हो गए थे।

गिरफ्तार किए बदमाश

शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी ओंकार सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच व थाना पुलिस ने बंदियों को छुड़ाने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनमें बसपा नेता का रिश्तेदार गौरव पुत्र रूपचंद निवासी घाट परतापुर, दौराला निवासी अनुज पुत्र राजबीर, व अर्जुन पुत्र मदनपाल को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा बंदी मोनू पुत्र कालीचरण निवासी अछरौंडा परतापुर, अरविंद पुत्र रामबीर निवासी दौराला, अरविंद उर्फ भूरा पुत्र सुनील निवासी दौराला और रवि पुत्र सुरेश निवासी दौराला फरार चल रहे हैं।

जेल से बने कनेक्शन

गौरव दुष्कर्म के मामले में जेल गया था। वह मोनू के बैरक में बंद था, जेल से छूटने के बाद वह मोनू से मिलने जाता था। वहीं अरविंद उर्फ भूरा अपने गांव के अरविंद से जेल में मिलने जाता था। इसी बीच गौरव व अरविंद उर्फ भूरा की मुलाकात हो गई। मिलाई के दौरान मोनू व अरविंद ने गौरव व भूरा के साथ मिलकर फरारी का प्लान बनाया। इसके चलते मोनू व अरविंद को एक-एक लाख रुपये देने की बात तय हुई। इस पर दोनों ने सात बदमाशों की टीम तैयार की और चार बाइक पर सवार होकर आए। घटना को अंजाम दे दिया। हिमांशु गौरव की बाइक पर बैठाने का प्रयास किया, लेकिन पैर फिसल गया। जिसके चलते वह गिर गया था।

Posted By: Inextlive