मेट्रो रूट पर सफर का 'डबल' मजा

- मेट्रो रूट पर चलेगी डबल डेकर सिटी बस

- मेट्रो के निर्माण के दौरान रोड से हट चुका है तारों का जंजाल

LUCKNOW :

सिटी बसों में सफर करने वाले यात्री अब डबल डेकर बसों में भी यात्रा करने का लुत्फ उठा सकेंगे। सिटी बस प्रशासन ने जल्द ही राजधानी की रोड्स पर डबल डेकर बसों के संचालन की तैयारी में जुट गया है। शुरुआती दौर में सिर्फ दो बसों को चलाने की तैयारी है।

मेट्रो रूट पर ही संचालन

सिटी बस प्रबंधन के अनुसार सिटी बसों को सिर्फ उन्हीं रूट्स पर दौड़ाया जा सकता है। इसका कारण है कि मेट्रो रूट पर रोड पर से तारों के जंजाल हटाए जा चुके हैं। पहले दौर में डबल डेकर बस का संचालन अमौसी से चारबाग तक हो सकता है। डबल डेकर बसों के संचालन के लिए इस रूट के सर्वे का काम चल रहा है। बताते चलें कि डबल डेकर बसों का संचालन राजधानी में करीब चार साल पहले लखनऊ महोत्सव के दौरान शुरू हुआ था। सिर्फ एक बस मंगाई गई थी, लेकिन राजधानी में रोड के ऊपर तारों के जंजाल के चलते डबल डेकर बस का संचालन बंद कर दिया गया। एक महीने भी इस बस का संचालन नहीं हो सका था।

सामान्य ही होगा किराया

मेट्रो रूट पर संचालित होने वाली डबल डेकर बसों के किराए में कोई फर्क नहीं आता है। जो किराया सामान्य बसों में यात्रियों से लिया जाता है, वहीं किराया डबल डेकर बसों में भी लिया जाएगा। सवारी क्षमता अधिक होने से इससे सिटी बसों प्रबंधन को आर्थिक लाभ भी अधिक होगा। डबल डेकर आने से रोड पर भी मेट्रो रूट पर बसों की संख्या कम होगी। ऐसे में एक रूट पर जहां चार बसें लगानी पड़ती है, वहीं दो बसों से काम चल जाएगा। देश में मुंबई, बंगलुरु और कोलकाता के साथ ही अब लखनऊ भी ऐसा शहर होगा जहां पर डबल डेकर बसों का संचालन हो सकेगा।

कोट

स्मार्ट सिटी के चलते राजधानी में डबल डेकर बसों को चलाने की तैयारी है। रूट सर्वे के बाद इसकी शुरुआत की जाएगी। मेट्रो रूट पर ही इन बसों का संचालन होगा। तारों का जंजाल खत्म होने से इस रूट पर इन बसों के संचालन में दिक्कतें नहीं आएंगी।

- ए रहमान

एमडी, परिवहन निगम

Posted By: Inextlive