ALLAHABAD: शहर में अपराधी एक के बाद एक लोगों को मौत के घाट उतार रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से हत्याओं का सिलसिला चल रहा है, लेकिन एक भी मामले में पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पायी है। इससे नाराज लोगों ने रविवार को सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और सवाल किया कि आखिर कब पकड़े जाएंगे हत्यारे?

काई भी नहीं रहा सुरक्षित

बीजेपी के महानगर संयोजक राजेश केसरवानी ने सपा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रदेश की इस सरकार में महिला हो या व्यापारी या फिर आम नागरिक आज कोई भी अपने को सुरक्षित नहीं महसूस कर रहा है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि वह किसी भी प्रकार की कोई अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने से जरा भी नहीं चूक रहे हैं। अल्लापुर में किशोरी के साथ रेप कर उसे मौत के घाट उतार दिया जाता है। पूर्व डीएसपी की पत्‍‌नी को मौत के घाट उतार दिया जाता है। झूंसी में सिविल लाइंस के रहने वाले ठेकेदार को गोली से उड़ा दिया जाता है। पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पायी है। पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द इन सभी के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।

कानून व्यवस्था धवस्त

इसी क्रम में परिवर्तन धार्मिक व समाजिक संस्था के कार्यकर्ताओं ने अल्लापुर कांड के प्रति आक्रोश जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष मोनू गुप्ता ने कहा कि अल्लापुर में एक नाबालिग लड़की हत्या यह दर्शाता है कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। प्रदर्शन करने वालों में राजेश केसरवानी, ज्योति जायसवाल, माया देवी, कुलदीप चौरसिया, वंदना सहित कई लोग शामिल थे। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा द्वारा अल्लापुर में विधवा इन्द्रा सिंह पटेल की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की है। सचिव श्याम सुंदर पटेल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है। कि शहर में महिलाओं, सीनियर सिटीजन के अलावा वुमेन पावर सेल को और अधिक सक्रिया करें और साथ ही इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने का प्रयास करें।

Posted By: Inextlive