- कार्यकारिणी से भाजपा के चार व सपा से दो सदस्य हुए बाहर

- नये साल में होने वाले सदन में छ: नये कार्यकारिणी सदस्यों की होगी घोषणा

LUCKNOW: कार्यकारिणी के छह सदस्यों को बाहर करने का फैसला आपसी सहमति से न होकर लॉटरी प्रक्रिया से हुआ, जिसकी वजह से मेयर संयुक्ता भाटिया की उम्मीदों को करारा झटका लगा। वहीं जो सदस्य बाहर हुए, उनमें से ज्यादातर को लेकर संभावना जताई जा रही थी कि उक्त अगले दो साल तक कार्यकारिणी का हिस्सा रहेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिलहाल कार्यकारिणी से बाहर हुए छह सदस्यों में चार भाजपा के व दो सपा के हैं।

सपा सदस्य ने पहली पर्ची निकाली

लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार वर्मा हॉल में कार्यकारिणी की विशेष बैठक आयोजित हुई। नगर निगम अधिनियम के अनुसार कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने पर कार्यकारिणी के कुल 12 सदस्यों में से छह सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो जाता है। मेयर ने कार्यकरिणी अध्यक्ष के नाते लॉटरी में पारदर्शिता बनाये रखने के लिये सभी सदस्यों के नाम लिखी पर्चियों को सदस्यों को दिखाने के पश्चात स्वयं मोड़कर लॉटरी बॉक्स में गिनकर डाला। समाजवादी पार्टी के सदस्य मो। सगीर ने पहली पर्ची निकाली, जिसमें राजेश कुमार मालवीय का नाम निकला। इसके बाद सभी सदस्यों ने एक के बाद एक पर्ची निकाली।

इन्हें होना पड़ा बाहर

लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के चार सदस्य राजेश कुमार मालवीय, सुशील कुमार तिवारी पम्मी, रानी कनौजिया, विमल तिवारी एवं समाजवादी पार्टी के अजय दीक्षित एवं राजकुमार सिंह को कार्यकारिणी से बाहर होना पड़ा।

अब बचे ये सदस्य

अब कार्यकारिणी में भाजपा के अरुण कुमार तिवारी, सुनीता सिंघल, विजय कुमार गुप्ता, राजेश सिंह व सपा के मो। सगीर एवं कांग्रेस के गिरीश मिश्र ही सदस्य के रूप में बचे हैं। कार्यकारिणी के छ: नये सदस्यों का चयन जनवरी में होने वाले सदन में किया जाएगा।

Posted By: Inextlive