नगर निगम के 66 वार्डो में मॉडल सिटी के तौर पर होगी साफ-सफाई

-नगर निगम के जिम्मे रह जाएगी सिर्फ 24 वॉर्ड की सफाई

सफाई की समस्या से जूझ रहे बनारस को साफ-सुथरा करने को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। तमाम प्रयोग असफल होने के बाद उसने नया प्लान बनाया है। शहर की सफाई की जिम्मेदारी प्राइवेट कम्पनी को देने की तैयारी है। शुरुआत में कम्पनी 66 वॉर्ड में सफाई करेगी। इसके बाद नगर निगम के पास सिर्फ 24 वॉर्ड की जिम्मेदारी रह जाएगी। यह कंपनी शहर में मॉडल सिटी की तरह उच्चतम स्तर की साफ-सफाई कराएगी। निगम से सभी 90 वॉर्ड का लेखा जोखा प्रदेश सरकार को भेज दिया है।

प्रदेश के तीन शहर में हाई क्लास

सरकार की ओर से उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगम और 10 नगर निकाय को मॉडल सिटी में शामिल किया गया है। इसमें भी प्रदेश के तीन महानगर को हाई ग्रेड सिटी में शामिल किया गया है। जिसमें बनारस, गाजियाबाद और मथुरा को जगह मिली है। यहां की साफ-सफाई व्यवस्था हाई क्लास तरीके से करायी जाएगी। इस प्लान के तहत हर नगर निगम से चुने हुए वॉर्ड में प्राइवेट कंपनी द्वारा कार्य कराया जाएगा।

पसरी रहती है गंदगी

बनारस में सफाई की व्यवस्था ध्वस्त होती जा रही है। नगर निगम के लाख कोशिश के बाद भी यहां गंदगी पसरी रहती है। जिसकी शिकायत सीएम से लेकर पीएम तक पहुंची। इस समस्या को समाप्त करने के साथ सिटी में मॉडल सिटी की तर्ज पर हाई क्लास तरीके से सफाई कराने के लिए सरकार ने नया प्रयोग करने का फैसला लिया है।

प्राइवेट एजेंसियों ने छोड़ा काम

इससे पहले भी बनारस में गली-मोहल्लों को साफ-सुथरा बनाने के लिए कई प्रयोग हो चुके हैं। कुछ साल पहले सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यहां प्राइवेट एजेंसी ए टू जेड कमान संभाला था। कुछ विवादों की वजह से एजेंसी ने पैकअप कर लिया। इसके बाद शहर में 30 वॉर्ड में स्विपिंग और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए केआना ने मोर्चा संभाला तो वहीं 14 वॉर्ड की जिम्मेदारी आईएलएण्डएफएस को मिली। इसमें केआना का एग्रीमेंट मई में समाप्त हो गया। दूसरी एजेंसी का एग्रीमेंट भी लगभग पूरा हो चुका है।

एक नजर

90

वॉर्ड है नगर निगम में

14

आईएलएण्डएफएस कर रहा काम

24

वॉर्ड रह जाएगा सफाई के लिए नगर निगम के पास प्राइवेट कंपनी आने के बाद

66

वॉर्ड में काम करेगी नई कंपनी

2700

कुल सफाई कर्मी नगर निगम के पास

1908

अस्थाई कर्मचारी

792

संविदा कर्मचारी

--------

वाराणसी नगर निगम को प्रदेश के तीन मॉडल सिटी में शामिल किया गया है। अब इसके आधार पर यहां की सफाई व्यवस्था होगी। शासन को सभी 90 वॉर्ड की रिपोर्ट भेज दी गई है। प्राइवेट कम्पनी आने के बाद निगम सिर्फ 24 वॉर्ड में ही काम करेगा।

जीएल केशरवानी, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive