डीजीपी डीके पांडेय ने पूजा समिति व मुहर्रम कमिटी के साथ की बैठक

-शरारती तत्व किसी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे

RANCHI : रांची में दुर्गा पूजा व मुहर्रम जुलूस की निगरानी ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से होगी। दुर्गोत्सव व मुहर्रम जुलूस की वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी। शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ये बातें डीजीपी डीके पांडेय ने कही है। गुरुवार को वह पुलिस मुख्यालय स्थित हॉल में दुर्गा पूजा व मुहर्रम समिति के साथ शांति समिति की बैठक कर रहे थे।

मिल कर पर्व मनाने का संकल्प

डीजीपी ने राजधानी रांची समेत राज्य भर के लोगों से शांतिपूर्वक दुर्गा पूजा एवं मुहर्रम मनाने की अपील की है। बैठक में रांची महानगर श्रीदुर्गा पूजा समिति, रांची ग्रामीण दुर्गा पूजा समिति, महानगर सेन्ट्रल मुहर्रम कमिटी व श्री महावीर मण्डल रांची के सदस्यों एवं प्रतिनिधियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का संकल्प लिया। सेन्ट्रल मुहर्रम कमिटी एवं रांची महानगर मुहर्रम कमिटी द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान जुलूस नहीं निकालने के फैसले का सभी ने स्वागत किया। बैठक में मुख्य रूप से आईजी, डीआईजी समेत रांची एसएसपी कुलदीप द्विवेदी, दुर्गा पूजा समिति के रामधन वर्मन, प्रेम वर्मा, तपेश्वर केशरी, महेन्द्र यादव, प्रदीप राय, परमजीत सिंह टिंकू, अर्जुन उरांव, सेन्ट्रल मुहर्रम कमिटी के मो इस्लाम, रजी अहमद, मो शकील, हाजी बेलाल कुरैशी, दानिस, मतिउर्रहमान मौजूद थे।

Posted By: Inextlive