राजस्थान व मध्य प्रदेश से लगे इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने पश्चिमी तटीय राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की वेदर रिपाेर्ट के मुताबिक, पूर्वी राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के इलाके में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनता नजर आ रहा है। यह लगातार दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण में सामान्य स्थिति में है। गुजरात और महाराष्ट्र तट की ओर समुद्र से नमी भरी हवाएं चल रही हैं।


महाराष्ट्र व ओड़िशा में होगी भारी बारिश
भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गुजरात, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओड़िशा में अगले पांच दिनों के दौरान आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने तेलंगाना, मराठवाड़ा, कर्नाटक, केरल, ओड़िशा और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।


तमिलनाडु व केरल में बरसात का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में कहा कि गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओड़िशा में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के कई हिस्सों में भारी बारसात के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बरसात होगी। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में बारिश होगी।

Posted By: Satyendra Kumar Singh