झुलसाती गर्मी पर आखिरकार मानसून बरस ही गया। दिल्‍ली मुंबई और कर्नाटक में तो मानसून ने गर्मी की तपन को शांत कर दिया। जानकारी के अनुसार देश के उत्तरी भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार शाम को देश के उत्‍तरी हिस्‍से में पहले धूल भरी आंधी आई उसके बाद जमकर बादल बरस पड़े।

आंधी और बारिश की रही ऐसी रफ्तार  
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को दिल्ली में 84 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। इसके बाद 4.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आंधी में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। राष्ट्रीय राजधानी में बीते कुछ दिन से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था। अब यहां अधिकतम तापमान 39.7 व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा व पंजाब में भी धूल भरी आंधी आई।
दिल्लीवालों को मिली राहत
बीते दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को यहां काफी राहत मिली। दिल्लीवालों के लिए रविवार की सुबह काफी खुशनुमा रही। बारिश के कारण यहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं मौसम विभाग की ओर से इस तरह की जानकारी मिली है कि अगले कुछ ही दिनों में देश के उत्तरी-पश्चिमी इलाकों में भी बारिश हो जाएगी। यहां भी लोगों को गर्मी से राहत मिल जाएगी।  
कई जगह हुईं घटनाएं भी
बारिश के कारण इस बदले हुए मौसम ने जहां एक ओर लोगों को राहत दी है, वहीं कई जगह कहर भी बरपाया है। देश के पूर्वी प्रांत ओडिशा के गंजाम जिले में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कम से कम तीन श्रमिकों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुछ जगहों पर भी छिटपुट घटनाएं हुईं। दक्षिणी गुजरात में भी मानसून पहुंच गया है। राज्य के कई हिस्सों में यहां भी मूसलाधार बारिश हुई। तेलंगाना के लोगों के लिए भी बारिश भारी राहत की सौगात लेकर आई। इसके साथ ही पड़ोसी आंध्र प्रदेश में भी बारिश ने बड़ी संख्या में लोगों को राहत दी है।

Hindi News from India News Desk

 

Posted By: Ruchi D Sharma