RANCHI:रिम्स के पेईंग वार्ड में भर्ती चारा घोटाले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद से शनिवार को राज्य सभा सांसद प्रेमचंद गुप्ता, यूपी के पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी व पटना के पूर्व मेयर अफजल इमाम ने मुलाकात की। तीनों ने लालू यादव से मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम पूछा। उनकी तबीयत का हाल जाना। प्रेमचंद गुप्ता और अफजल इमाम दोपहर 12 बजे से ही पेइंग वार्ड के बाहर लालू से मिलने का इंतजार कर रहे थे। करीब 3.30 बजे दोनों पेइंग वार्ड के अंदर लालू से मिलने गए।

पहले से बेहतर है स्वास्थ्य

लालू प्रसाद से मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने उनके स्वास्थ्य को पहले से बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि मैं निजी काम से रांची आया था तो सोचा लालू यादव से भी मिलता चलूं। लालू प्रसाद से राजनीतिक चर्चा पर उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। सिर्फ इतना कहा कि वे लालू प्रसाद का स्वास्थ्य जानने आए थे। झारखंड में महागठबंधन की जीत और बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। इधर, राज्यसभा के सांसद प्रेमचंद गुप्ता मीडिया से बगैर कुछ कहे अपनी गाड़ी में बैठकर चलते बने।

बिहार के नेताओं का लगा है आना-जाना

दरअसल आज राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव देर से उठे। इसके बाद लालू प्रसाद के फ्रेश होने के बाद दोनों मुलाकातियों को उनसे मिलने की इजाजत दी गई। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बिहार के नेताओं का लालू यादव से मिलना-जुलना लगा हुआ है। गौरतलब हो कि लालू प्रसाद चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता हैं। वे बिरसा मुंडा जेल के कैदी हैं। फिलहाल वे रांची के रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करवा रहे हैं। लालू प्रसाद से मिलने के लिए शनिवार का दिन निर्धारित है। इस दिन अधिकतम तीन लोग उनसे मिल सकते हैं। हालांकि किसी विशेष परिस्थिति में भी अन्य दिन उनसे मुलाकात की जा सकती है।

Posted By: Inextlive