आठ सीजन तक एक दूसरे के साथ एक ही आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के बाद पहली बार महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना नवें संस्‍करण में आमने सामने होंगे क्‍योंकि दोनो को ही दो नयी फ्रेंचाइजी पुणे और राजकोट ने खरीदा है।

अलग अलग हुए धोनी और रैना
लंबे समय से एक ही टीम के लिए साथ साथ खेलने के बाद अब महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना प्रतिद्वंदी हो गए हैं और इंडियन प्रीमियर लीग नौं में एक दूसरे के खिलाफ खेलेंगे। भारतीय वन डे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में अब पुणे फ्रेंचाइजी की तरफ से खेलेंगे। जबकि सुरेश रैना को राजकोट फ्रेंचाइजी ने हासिल किया है। आईपीएल का नौवां संस्करण 9 अप्रैल से 29 मई तक खेला जाएगा। आईपीएल के प्लेयर्स ड्राफ्ट में संजीव गोयनका की पुणे फ्रेंचाइजी ने धोनी को 12.5 करोड़ रुपए में हासिल किया। राजकोट फ्रेंचाइजी ने रैना को हासिल किया, उन्हें भी 12.5 करोड़ रुपए में खरीदा गया। गोयनका की न्यू राइजिंग को प्लेयर्स ड्राफ्ट में सबसे पहले खिलाड़ी हासिल करने का अधिकार था और उन्होंने धोनी को हासिल किया। इसी प्रकार राजकोट की इंटेक्स फ्रेंचाइजी ने सबसे पहले रैना को हासिल किया।
इस तरह बटे दूसरे खिलाड़ी
पुणे टीम ने दूसरे खिलाड़ी के रूप में अजिंक्य रहाणे को चुना जबकि राजकोट फ्रेंचाइजी ने स्थानीय खिलाड़ी व ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल किया। इन दोनों खिलाड़ि यों को 9.5-9.5 करोड़ रुपए में अनुबंधित किया गया। इसके बाद पुणे ने भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को तीसरे खिलाड़ी के रूप में टीम में चुना। राजकोट ने पहले विदेशी खिलाड़ी के रूप में न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रेंडन मॅक्कुलम को टीम में लिया। इन क्रिकेटर्स को 7.5-7.5 करोड़ रुपए के स्लैब में टीम में चुना गया।
स्मिथ और डु प्लेसिस पुणे में
पुणे ने इसके बाद चौथे खिलाड़ी के रूप में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ को हासिल किया जबकि राजकोट ने एक अन्य ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स फॉकनर को चुना। इन्हें 5.5-5.5 करोड़ रुपए के हिसाब से हासिल किया गया। पुणे ने प्लेयर्स ड्राफ्ट के अंतिम तथा पांचवें खिलाड़ी के रूप में द. अफ्रीकी बल्लेबाज फॉफ डु प्लेसिस जबकि राजकोट ने कैरेबियाई ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को हासिल किया। इन्हें 4-4 करोड़ की दर पर हासिल किया गया। इन टीमों के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए न्यूनतम 40 करोड़ और अधिकतम 66 करोड़ का फंड है। दोनों टीमों ने प्लेयर्स ड्राफ्ट में शीर्ष 5-5 खिलाड़ी हासिल करने पर 39-39 करोड़ रुपए खर्च कर दिए है। अब ये दोनों टीमें फरवरी में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में शेष खिलाड़ी हासिल करेंगी।
ये हैं अब के दोनों फ्रेंचाइजी के खिलाड़ी
पुणे फ्रेंचाइजी: महेंद्र सिंह धोनी, अजिंक्य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन (तीनों भारत), स्टीवन स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया), फॉड डु प्लेसिस (द. अफ्रीका)।
राजकोट फ्रेंचाइजी: सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा (दोनों भारत), ब्रेंडन मॅक्कुलम (न्यूजीलैंड), जेम्स फॉकनर (ऑस्ट्रेलिया), ड्वेन ब्रावो (वेस्टइंडीज)।

 

inextlive from Cricket News Desk

Posted By: Molly Seth