कोरोना वायरस के चलते उद्योग जगत संकट से जूझ रहा। लॉकडाउन के बीच ज्यादातर कामकाज बंद हैं। इसका असर बिजनेसमैन पर पड़ रहा है। भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार मुकेश अंबानी की संपत्ति में 28 परसेंट की गिरावट आई है।

नई दिल्ली (आईएएनएस)। कोरोना वायरस संकट के कारण शेयर बाजारों में गिरावट आई है। इसका असर अब बड़ी-बड़ी कंपनियों पर दिख रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी की संपत्ति 19 बिलियन डॉलर (1.33 लाख करोड़ रुपए) कम हो गई है। यानी अंबानी की संपत्ति में पहले से 28 फीसदी की गिरावट आई है। हुरुन रिसर्च की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी अब दुनिया के 10 सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट से बाहर हो गए हैं। मौजूदा रैंकिंग के मुताबिक वह माइकल ब्लूमबर्ग के साथ संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर हैं।

रोजाना 22 अरब रुपये का नुकसान

हुरुन रिसर्च इंडिया के एमडी और मुख्य शोधकर्ता एना रहमान जुनैद ने कहा, 'भारत के सबसे अमीर व्यक्ति को करीब 26 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। शेयर बाजारों में गिरावट और अमेरिकी डॉलर की तुलना में रुपए की कीमत में 5.2 प्रतिशत की गिरावट ने रिलायंस कंपनी की संपत्ति में 28 परसेंट तक कमी ला दी है। रिपोर्ट में कहा गया है, पिछले दो महीनों में अंबानी को प्रति दिन $ 300 मिलियन यानी 22 अरब रुपये से अधिक का नुकसान हो रहा है। दुनिया भर के व्यवसायों और तीन अन्य भारतीय कॉरपोरेट्स पर असर पड़ा, जो हुरुन टॉप 100 में शामिल थे, उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया।

रिलायंस के अलावा इनको भी हो रहा घाटा

रिलायंस के अलावा भारत के गौतम अडानी को काफी घाटा हुआ है। उनकी कुल संपत्ति में 37 फीसदी यानी 6 बिलियन डॉलर की कमी आई है। वहीं शिव नादर की दौलत 26 प्रतिशत यानी $ 5 बिलियन तक घट गई। इसके अलावा उदय कोटक की संपत्ति 28 प्रतिशत या $ 4 बिलियन डॉलर तक कम हो गई। हुरुन ग्लोबल टॉप 100 में शामिल बिजनेसमैनों में सिर्फ 9 प्रतिशत ऐसे हैं जिनके धन में वृद्धि हुई जबकि 86 प्रतिशत की दौलत घटी वहीं 5 परसेंट में कोई बदलाव नहीं आया।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari