JAMSHEDPUR: पूर्वी सिंहभूम के पोटका थाना की पुलिस ने शौचालय निर्माण घोटाला मामले में आरोपित पोटका प्रखंड के मानपुर पंचायत के मुखिया तारिणी सेन सिंह को मानपुर स्थित उसके आवास में छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया। जमशेदपुर कोर्ट में मुखिया को प्रस्तुत किया गया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। बता दे कि तारिणी सेन सिंह लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि मुखिया घर पर है। पुलिस ने छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया।

शौचालय घोटाले में तारणी सेन सिंह के अलावा पोटका प्रखंड के शंकरदा पंचायत की मुखिया कापरा हांसदा, सानग्राम पंचायत की मुखिया रुक्मिणी मुर्मू की तलाश पुलिस को है। पोटका प्रखंड में शौचालय निर्माण के नाम पर करीब एक करोड़ 55 लाख रुपये घोटाले को लेकर पोटका, जादूगोड़ा और कोवाली थाना में अक्टूबर 2018 में अलग-अलग मुकदमा दर्ज है। इन पर आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की राशि में घोर अनियमितता बरतने और बिना शौचालय निर्माण के राशि बंदरबांट करने का है। मामले में आरोपित अन्य मुखिया की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। बता दे कि बुधवार को एसएसपी अनूप बिरथरे पोटका थाना पहुंचे थे। डीएसपी समेत थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। शौचालय घोटाले मामले पर एसएसपी ने लंबी चर्चा की थी। अधिकारियों ने बताया कि एक मुखिया को गिरफ्तार किया गया है।

किस मुखिया ने कितना किया घोटाला

मानपुर पंचायत के मुखिया तरणीसेन सिंह पर 33 लाख रुपये, कोवाली के सुचित्रा सरदार पर 21 लाख रुपये, जामदा के सुशीला सरदार पर 41 लाख रुपये, कुलडीहा के लखीचरण सिंह पर 36 लाख रुपये तथा शंकरदा की कापरा हांसदा पर 31 लाख रुपये गबन का आरोप है। कुल 1 करोड़ 54 लाख की सरकारी राशि का गबन किया गया।

Posted By: Inextlive