चुनावी सफर पर 'मुलायम रथ'

-सपा सुप्रीमों ने युवाओं में भरा जोश, युवाओं के बल पर ही लौटेगी सरकार

LUCKNOW : बीजेपी, बीएसपी और कांग्रेस के बाद अब सपा भी ग्रांउड पर इलेक्शन मोड में आ गई है। शनिवार को 'मुलायम संदेश रथ यात्रा' को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाई। इससे पहले मुलायम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि युवाओं के बल पर 2012 में प्रदेश में सपा सरकार बनी थी। इस बार भी युवाओं के दम पर ही बनेगी। लड़कियों को पार्टी के साथ जोड़ने और उनकी इज्जत करने की नसीहत भी दी। बोले- हमारे साथ लड़कियां कम हैं, क्योंकि आप लोग लड़कियों को बढ़ावा नहीं देते। यहां सिर्फ 50 लड़कियां दिख रही हैं, जबकि संख्या 500 होनी चाहिए। बता दें कि रथयात्रा का नेतृत्व समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव कर रहे हैं।

चुनावी अभियान में हम पीछे

मुलायम ने कहा कि सभी प्रमुख दलों का चुनाव अभियान शुरू हो चुका है, रथ यात्राएं निकल रही हैं। अब हमने भी शुरुआत कर दी है। जल्द ही हम चुनाव के अभियान में सबको पीछे छोड़ देंगे। मुलायम ने अखिलेश यादव और सरकार की जमकर तारीफ की। मुलायम ने कहा कि यह बात मैंने संसद में भी कही कि मैं चैलेंज करता हूं। यूपी से बेहतर देश के किसी राज्य में सरकार नहीं चल रही है। पिछले चुनाव में जो वादे किये थे वह पूरे हो चुके हैं। यहां तक कि जो चीजें घोषणापत्र में नहीं था उसे भी जमीन पर उतारा है। मेट्रो और आगरा एक्सप्रेस-वे घोषणापत्र में नहीं था

अगली सरकार में बाकी को भी नौकरी

सपा मुखिया ने कहा कि मुसलमानों के लिए हमने काफी काम किया। सिपाहियों की भर्ती निकली तो 14 से 16 प्रतिशत मुस्लिमों की भर्ती की। कुछ जिलों में 27 से 30 परसेंट तक मुस्लिमों की भर्ती हुई। हर थाने पर दो से चार मुस्लिम सिपाही हैं। अयोध्या कांड पर बोल, कानून ने अपना काम किया। हमारे रहते हुए मस्जिद को कोई छू नहीं सका था। सरकार की उपलब्धियों पर बोले कि अखिलेश ने काफी नौजवानों को रोजगार और नौकरी दी है। फिर भी काफी रह गये हैं, जो रह गये हैं उन्हें अगली सरकार में मौका जरूर दिया जाएगा।

बाक्स

पांच महीने मेहनत, पांच साल की सरकार

इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि पांच महीने आप लोग जमकर मेहनत करो। सरकार की योजनाओं और कामों के बारे में लोगों को बताओ। पांच साल के लिए फिर तुम्हारी सरकार बनेगी। विरोधी दलों की यात्रा कितने दिन चलेगी, यह सब जानते हैं। अच्छे दिन का वादा करने वालों ने सिर्फ बातें की और हमने विकास कर के दिखाया। अभी एक और रथ यात्रा निकलेगी, जिसे मैं खुद लेकर निकलूंगा। विरोधी दलों पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि हमने स्मार्ट फोन की बात की तो विरोधी दलों में खलबली मच गई।

चार चरणों में यात्रा

मुलायम संदेश यात्रा चार चरणों में निकाली जाएगी। 22 नवंबर को चारों चरणों का समापन होगा। पहला चरण दस सितंबर से 20 सितंबर तक चलेगा। जिसमें लखनऊ, कानपुर, झांसी और इलाहाबाद मंडल को कवर किया जाएगा। दूसरा फेज 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगा, इसके बाद 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक तीसरा चरण होगा। बता दें कि अक्टूबर से ही अखिलेश यादव भी अपना विकास रथ लेकर निकलेंगे।

हमारे साथ लड़कियां कम हैं, क्योंकि आप लोग लड़कियों को बढ़ावा नहीं देते। यहां सिर्फ 50 लड़कियां दिख रही हैं, जबकि संख्या 500 होनी चाहिए।

-मुलायम सिंह यादव, सपा मुखिया

Posted By: Inextlive