सुशांत सिंह डेथ केस को लेकर रोजाना नए खुलासे हो रहे। ताजा मामला मुंबई के पुलिस अधिकारी का है जिसने सुशांत के बहनोई ओपी सिंह पर रिया पर दबाव बनाने का आरोप लगाया।

मुंबई (पीटीआई)। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया है कि सुशांत सिंह के बहनोई ओपी सिंह ने उन पर रिया पर दबाव बनाने के लिए कहा था। यह मामला इस साल फरवरी का है। पुलिस उपायुक्त परमजीत सिंह दहिया ने एक टीवी चैनल से कहा कि ओपी सिंह जो सुशांत के बहनोई और हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं, उन्होंने उनसे रिया को पुलिस स्टेशन बुलाने और उस पर दबाव बनाने की बात कही थी। सीनियर पुलिस ऑफिसर दहिया एक अप्रैल तक बांद्रा क्षेत्र के जोनल पुलिस प्रमुख रहे।

रिया पर दबाव बनाने को कहा था
दहिया ने कहा कि सिंह ने उनसे कहा कि राजपूत के परिवार ने महसूस किया कि रिया दिवंगत एक्टर सुशांत को "नियंत्रित" कर रही थी और उसे जिदंगी से बाहर निकालना चाहती थी। दहिया ने कहा कि अभिनेता के परिवार ने हालांकि कोई लिखित शिकायत नहीं दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि ओ पी सिंह ने 18 और 25 फरवरी के बीच व्हाॅट्सएप पर रिया पर दबाव बनाने के लिए अनौपचारिक अनुरोध किया था।

फरवरी में मुंबई भी आए थे सुशांत के जीजा
डीसीपी ने कहा कि ओपी सिंह ने 5 फरवरी को मुंबई का दौरा किया और उसे बताया कि वह राजपूत को बताए कि वह मुंबई में है। साथ ही उन्होंने मिरांडा नाम एक व्यक्ति को एक दिन पुलिस कस्टडी में रखने को कहा था, वो भी बिना किसी शिकायत के। तब डीसीपी दहिया ने "विनम्रता और दृढ़ता से" सिंह को बताया कि किसी को भी ऐसे पुलिस स्टेशन उठा लाना नियमों के खिलाफ है। इस पर सिंह ने कहा था कि वह लिखित में शिकायत लेकर आएंगे मगर कंप्लेन कभी आई नहीं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari