एक्ट्रेस पायल घोष द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के बाद मुंबई पुलिस अनुराग कश्यप से कल गुरुवार काे पूछताछ करेगी। हाल ही में एक एक्ट्रेस ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। यहां पढ़ें पूरा मामला...


मुंबई (मिड डे)। मुंबई पुलिस ने बुधवार को फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप को अभिनेत्री द्वारा उनके खिलाफ दायर कथित यौन उत्पीड़न मामले में पूछताछ के लिए समन जारी किया है। अनुराग कश्यप को गुरुवार सुबह 11 बजे वर्सोवा पुलिस स्टेशन में उपस्थित होने को कहा गया है। इस दाैरान उनसे पूछताछ की जाएगी। एक्ट्रेस द्वारा 2013 में यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाने के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ पिछले सप्ताह एफआईआर दर्ज की थी। एक्ट्रेस ने कहा कि 2013 में कश्यप ने किया था दुष्कर्म


अनुराग कश्यप के खिलाफ आईपीसी की 376 (आई) (दुष्कर्म), 354 (महिला की शीलता भंग करने के इरादे के साथ उसका शोषण करना या आपराधिक दबाव डालना), 341 (गलत तरीके से नियंत्रण करना) और 342 (गलत तरीके से रोकना) धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बता दें कि एक्ट्रेस ने अपनी पुलिस शिकायत में कहा था कश्यप ने 2013 में वर्सोवा में यारी रोड पर एक जगह उसके संग दुष्कर्म किया था। अनुराग कश्यप शुरू से खारिज करते आ रहे हैं आरोप

हालांकि एक्ट्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप शुरू से खारिज करते आ रहे हैं। उनका कहना है कि ये सारे आरोप निराधार है। अनुराग कश्यप का कहना है कि एकट्रेस उनके मुखर विचारों के मौन कराने के प्रयास में एक्ट्रेस द्वारा ये आरोप लगाए जा रहे हैं। एक ट्वीट में उनके वकील ने भी कहा था कि मेरे मुवक्किल अनुराग कश्यप को झूठे आरोपों से गहरा दुख हुआ है। ये आरोप दुर्भावनापूर्ण और गलत हैं।

Posted By: Shweta Mishra