महाराष्ट्र के मुंबई में आज भारी बारिश के साथ ही हाई टाइड आने की आशंका है। इसके अलावा अगले 48 घंटों तक महाराष्ट्र के कई इलाके भारी बारिश की चपेट में रहेंगे। बता दें कि बीते 24 घंटे में भारी बारिश से मुंबई समेत कई इलाकों का बुरा हाल है।


मुंबई (एएनआई)। महाराष्ट्र में भारी बारिश से मुंबई का बुरा हाल है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अनुसार साेमवार को यहां पर हाई टाइड आने की आशंका है। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे आने वाली इस हाई टाइड की ऊंचाई 4.67 मीटर तक हो सकती है। रविवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भविष्यवाणी की थी कि सोमवार को मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और महाराष्ट्र के पालघर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि सक्रिय मानसून की स्थिति के कारण, मुंबई सहित पूरे कोंकण तट पर तेज बारिश हो रही है। इन जिलों में सोमवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र में आज कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना
आईएमडी द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया मानसून पूरे कोंकण बेल्ट पर व्यापक रूप से सक्रिय है। इसकी वजह से मुंबई सहित कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो रही है। मौसम एजेंसी ने अभी अगले 48 घंटों तक महाराष्ट्र के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। जलभराव होने से कई क्षेत्रों पर यातायात बाधित हो रहा है


वहीं भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के उप महानिदेशक (डीडीजी) मुंबई ने कहा मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों में ठाणे / पश्चिम उपनगर में अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी (115.6 मिमी) बारिश हुई। इन इलाकों में जगह-जगह पर जलभराव होने से कई क्षेत्रों पर यातायात भी बाधित है।

Posted By: Shweta Mishra