अश्लील फिल्म केस में गिरफ्तार राज कुंद्रा को शुक्रवार देर रात क्राइम ब्रांच के प्रॉपर्टी सेल ऑफिस ले जाया गया। जहां उनेस पूछताछ की गई। बता दें कुंद्रा की पुलिस कस्टडी 27 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। पहले यह 23 जुलाई तक की थी।

मुंबई (एएनआई)। बाॅलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को शुक्रवार देर रात मुंबई के भायखला में क्राइम ब्रांच के प्रॉपर्टी सेल ऑफिस ले जाया गया। इससे पहले शुक्रवार को मुंबई की एक अदालत ने कुंद्रा और उसके सहयोगी रयान थोर्प को अश्लील फिल्मों के निर्माण से जुड़े एक मामले में 27 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया था। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को राज कुंद्रा और उसके सहयोगी रयान थोर्प को सात दिन की और हिरासत की मांग करते हुए मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश किया था।

चल रही जांच
मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया कि उन्हें संदेह है कि एडल्ट फिल्म से अर्जित धन का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए किया गया था।मुंबई पुलिस ने अदालत को बताया, "इसीलिए राज कुंद्रा के यस बैंक खाते और यूनाइटेड बैंक ऑफ अफ्रीका खाते के बीच लेनदेन की जांच की जरूरत है।" राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस ने सोमवार रात कथित तौर पर अश्लील फिल्में बनाने और कुछ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए प्रकाशित करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस के पास पर्याप्त सबूत
मुंबई पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उसकी क्राइम ब्रांच टीम ने अब तक कुंद्रा सहित कुल 11 लोगों को अपराध में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने कहा था, "कुंद्रा मुख्य साजिशकर्ता प्रतीत होता है। हमारे पास इस संबंध में पर्याप्त सबूत हैं।" बता दें अश्लील फिल्में बनाने और ऐप्स के इस्तेमाल को लेकर फरवरी 2021 में क्राइम ब्रांच मुंबई में मामला दर्ज किया गया था।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari