अवस्थापना निधि से कराए वाले 29 करोड़ के कार्य हो गया टेंडर

इसी वीक जारी होगा वर्क आर्डर, एक सप्ताह के अंदर शुरू होगा कार्य

ALLAHABAD: अब शहर की गलियों, सड़कों व मोहल्लों के दिन बदलने वाले हैं। क्योंकि अवस्थापना निधि से मंजूरी न मिलने के कारण जो काम रुके हुए थे वो अब अधिकतम एक सप्ताह या अधिकतम दस दिन के अंदर शुरू होने वाले हैं। क्योंकि कार्यो को कराने के लिए टेंडर का काम करीब-करीब पूरा हो चुका है। बस वर्क आर्डर जारी होना है, जो एक सप्ताह के अंदर जारी हो जाएगा।

वर्क आर्डर मिलते ही काम शुरू

टेंडर वर्क कंप्लीट होने के बाद एक सप्ताह के अंदर नगर निगम इलाहाबाद एडमिनिस्ट्रेशन जैसे ही वर्क आर्डर जारी करेगा। उसके बाद शहर की गलियों, सड़कों की मरम्मत, नाला-नाली निर्माण के साथ इंटरलॉकिंग आदि का कार्य शुरू हो जाएगा। अभी तक जिन इलाकों में विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है, जहां जलनिकासी, खराब सड़क व जर्जर रोड की समस्या है। वहां निर्माण कार्य शुरू होते ही कुछ दिनों बाद स्थितियां बदल जाएंगी।

80 वार्ड पर खर्च होंगे 29 करोड़

अवस्थापना निधि से शहर के 80 वार्डो पर विकास कार्यो के लिए करीब 29 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा। जो अलग-अलग कामों पर व्यय होगा। प्रत्येक वार्ड में कम से कम 10 लाख रुपये का काम तो जरूर होगा। वहीं कुछ वार्ड ऐसे भी हैं, जहां 50 लाख या फिर उससे अधिक का काम कराया जाएगा।

इस सत्र का है ये अंतिम कार्य

अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्य जो शहर में कराया जाएगा वह नगर निगम इलाहाबाद के इस सत्र का अंतिम विकास कार्य माना जा रहा है। क्योंकि नगर निगम इलाहाबाद के इस सत्र का यह अंतिम दौर चल रहा है। जुलाई 2013 में इलाहाबाद की जनता द्वारा चुने गए पार्षदों व मेयर का पांच वर्ष कार्यकाल जुलाई 2017 में पूरा हो जाएगा। वहीं विधानसभा चुनाव भी इसी वर्ष होना तय है। जिसके लिए दिसंबर या फिर जनवरी में आचार संहिता लागू होने की संभावना जताई जा रही है। आचार संहिता लागू होते ही विकास कार्य ठप हो जाएंगे। वहीं जैसे ही विधान सभा चुनाव कंप्लीट होगा, नई सरकार बनेगी। नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। ऐसे में अब इस सत्र में अगला प्रस्ताव तैयार किए जाने और फिर विकास कार्य कराए जाने की संभावना न के बराबर है।

बंद हुई नगर निगम की परिक्रमा

विकास कार्यो की फाइल लेकर कुछ महीने पहले तक जो पार्षद नगर निगम कार्यालय का चक्कर लगाते थे, उन्होंने ने अब नगर निगम से कुछ दूरी बना ली है। वे नगर निगम में समय देने के बजाय चुनाव की संभावनाओं को देखते हुए नए सत्र के लिए तैयारी में जुट गए हैं।

रंग लाई आई नेक्स्ट की मुहिम

अवस्थापना निधि से शहर के 80 वार्डो में कार्य विकास कराए जाने का प्रस्ताव काफी लंबे इंतजार के बाद पास हुआ। कई बार सूची तैयार हुई तब कहीं जाकर चार अक्टूबर को कमिश्नर राजन शुक्ला व मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ ही जिलाधिकारी संजय कुमार की मौजूदगी में अवस्थापना निधि के फाइनल लिस्ट पर मुहर लगी। जिसे आईनेक्स्ट ने अपने अखबार के थ्रू सार्वजनिक किया। शहर के 80 वार्डो में किन कार्यो को मंजूरी दी गई इसका खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि आईनेक्स्ट ने ही किया। जिस पर कुछ बाद टेंडर जारी कर दिया गया। अब वर्क आर्डर भी जारी होने वाला है।

बड़े प्रयास और मेहनत के बाद अवस्थापना निधि का प्रस्ताव पास हुआ। जिसका टेंडर कराया जा चुका है। एक सप्ताह के अंदर वर्क आर्डर भी जारी कर दिया जाएगा। और जैसे ही वर्क आर्डर जारी होगा, पूरी सख्ती के साथ काम शुरू हो जाएगा और शहर की जनता को समस्याओं से छुटकारा मिल जाएगा।

अभिलाषा गुप्ता

मेयर, नगर निगम इलाहाबाद

Posted By: Inextlive