- सड़क पर भटक रहे बेसहारा लोगों के लिए अस्थायी बसेरे तैयार

- नगर आयुक्त ने दिए नि:शुल्क भोजन के निर्देश

PATNA :

कोरोनावायरस के इंफेक्शन को कंट्रोल करने के लिए देश में 21 दिन का लॉकडाउन चल रहा है। इस लॉकडाउन में प्रशासन से लेकर पब्लिक तक सहयोग कर रही है। लेकिन इस बीच कुछ ऐसे लोग भी हैं जो सड़क पर जीवन बिताने को मजबूर हो गए हैं। इसमें कई ऐसे लोग भी हैं घर जाने के लिए निकले थे लेकिन पटना स्टेशन पर आकर फंस गए हैं। ऐसे लोगों के लिए अब पटना नगर निगम ने एक सराहनीय कदम उठाया है।

सड़क पर जीवन गुजारने वाले लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम की ओर से उनके लिए शॉर्ट स्टे की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत ऐसे लोगों की रहने के साथ ही नि:शुल्क खाना भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए अस्थायी बसेरे तैयार किए जा रहे हैं।

- भूखे प्यासे भटक रहे कामगार

लॉकडाउन के कारण कई मजदूर कामकाज ठप होने और पैसे के अभाव में वायरस इंफेक्शन के खतरे के बीच सड़कों पर भूखे पेट रहने को मजबूर हैं। इन लोगों ने कई जगहों पर मदद मांगी। आखिरकार इनकी ओर नगर निगम का ध्यान गया और इनकी सहायता के लिए निगम सामने आया है। इन लोगों की व्यवस्था के लिए नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने शुक्रवार को पटना नगर निगम द्वारा संचालित सभी रैन बसेरों का निरीक्षण किया एवं लॉकडाउन की अवधि तक रैन बसेरा में रहने आने वाले लोगो को निवास एवं भोजन की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इन जगहों पर है मुफ्त रहने-खाने की व्यवस्था

- मलाही पकड़ी आश्रय स्थल

वार्ड संख्या 44 में मलाही पकड़ी चौक के पास आश्रय स्थल का संचालन किया जा रहा है। 50 बेड वाले इस आश्रय स्थल में ठहरने वालों को 30रु प्रति प्लेट की दर से भोजन उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन लॉकडाउन की अवधि तक अब यहां मिलने वाली सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।

- कुनकुन सिंह लेन आश्रय स्थल (साइंस कॉलेज के पास):

वार्ड संख्या 41 में पटना कॉलेज के पास संचालित आश्रय स्थल में 25 बेड की व्यवस्था है। यहां 15 रुपए प्रति प्लेट की दर की भोजन की सुविधा दी जाती है। यहां भी लॉकडाउन की अवधि तक यहां मिलने वाली सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।

- मैकडॉवेल चौक आश्रय स्थल :

वार्ड संख्या 43 अंतर्गत संचालित इस आश्रय स्थल पर 25 बेड एवं 30 रुपए प्रति प्लेट की दर से भोजन की सुविधा उपलब्ध करायी जाती है। लॉकडाउन की अवधि तक यहां मिलने वाली सभी सेवाएं नि:शुल्क होंगी।

- गाय घाट, गंगा पुल

- गाय घाट, गंगा पुल के नीचे पहले से ही निगम द्वारा अस्थायी रैन बसेरा बनाया गया है। इनका संचालन शुक्रवार से शुरू किया गया। इसमें करीब 150 लोगों के रहने-खाने की व्यवस्था की गई है।

- नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत श्रीकृष्ण पुरी पार्क के पीछे अवस्थित पटना नगर निगम के सामुदायिक भवन को भी रैन बसेरा में तब्दील किया गया है। यहां 50 लोगों के लिए व्यवस्था की गई है।

- निरीक्षण कर दिए निर्देश

नगर आयुक्त निरीक्षण के दौरान सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इन सभी रैन बसेरों में लोगों के ठहरने, खाने-पीने, शौचालय आदि का प्रबंध सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करते हुए किया जाए। साथ ही नियमित रूप से शौचालयों, कमरों एवं परिसर में कीटनाशक एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हो। निरीक्षण के दौरान देवेंद्र प्रसाद तिवारी, अपर नगर आयुक्त (योजना) एवं सिटी मिशन मैनेजर उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive