चार्ज लेते ही नगरीय विद्युत वितरण खंड म्योहाल के अधिशाषी अभियंता ओपी मिश्र ने 50 घरों का काटा कनेक्शन, वसूले 70 लाख रुपए

ALLAHABAD: सिविल लाइंस और म्योहाल विद्युत उपकेन्द्र में सात वर्षो से बकाया चल रहे 15 करोड़ रुपए के बिजली बिल को वसूलना मेरी प्राथमिकता है। सरकार की मंशा के अनुरूप शहरी इलाकों में 24 घंटे विद्युत सप्लाई का पूरा प्रयास किया जाएगा। उपभोक्ताओं पर बकाए बिल की वसूली के लिए सख्त अभियान चलाया जाएगा। यह बातें गुरुवार को नगरीय विद्युत वितरण खंड म्योहाल के नवनियुक्त अधिशाषी अभियंता ओम प्रकाश मिश्रा ने कार्यभार संभालने के बाद कही।

घर जा कर आरसी काटेंगे अफसर

बकाएदारों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि एक महीने में 15 करोड़ का बकाया विद्युत बिल वसूलने का लक्ष्य निर्धारित है। बिल जमा न करने वालों के घर जा कर अधिकारी व कर्मचारी आरसी काटने का काम करेंगे। इस काम के लिए अफसरों की तीन टीमें बनाई जाएंगी। बतादें कि प्रतापगढ़ से नगरीय विद्युत वितरण खंड म्योहाल के अधिशाषी अभियंता पद पर ओम प्रकाश मिश्र का तबादला 24 अक्टूबर को ही हो गया था। किन्हीं कारणों से उन्होंने यहां गुरुवार को कार्यभार ग्रहण किया। आते ही उप खंड के अधिकारी, जूनियर इंजीनियर व कर्मचारियों के साथ उन्होंने करीब आधे घंटे तक मीटिंग की। मीटिंग के तत्काल बाद वे टीम के साथ सिविल लाइंस इलाके में विद्युत बिल बकाए की वसूली में निकल पड़े। सिविल लाइंस व आसपास के इलाकों में अभियान चला कर उन्होंने 50 बकाएदारों का कनेक्शन काटते हुए 70 लाख रुपए के बकाया बिल की वसूली भी की। अभियान में सिविल लाइंस एसडीओ संदीप मौर्या, जूनियर इंजीनियर व अन्य कर्मी शामिल रहे। बतादें कि वर्ष 2011 से लेकर 2012 तक वह यहां उप खंड अधिकारी के पद पर सिविल लाइंस उपकेन्द्र में काम कर चुके हैं।

Posted By: Inextlive