उधार दिए पैसे वापस मांगने पर बेरहमी से पीट कर किसान की हत्या। बड़े भाई की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज।

ALLAHABAD: उधार दिए पैसे वापस मांगने पर नवाबगंज के तरहार कुसुवापुर गांव निवासी किसान सुरेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई। बड़े भाई दिनेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। रिपोर्ट दर्ज होने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गए हैं।

घर से बाजार के लिए निकले थे

सुरेंद्र सिंह पिता अमर सिंह के साथ खेती करते थे। मंगलवार की शाम सुरेंद्र घर से कुसुआपुर बाजार जाने के लिए निकले। रात करीब साढ़े आठ बजे रिश्तेदार लाल सिंह ने फोन कर बताया की सुरेंद्र घायलावस्था में घर से करीब एक किमी दूर परिहार का पुरवा के पास नहर की पटरी पर पड़े हैं। उन्होंने बताया कि वे उन्हें इलाज के लिए कुसुआपुर पीएचसी ले जा रहे हैं। परिवार के लोग सीएचसी पर पहुंचें।

डॉक्टर ने किया रेफर

सीएचसी पर डॉक्टर के न मिलने पर सुरेंद्र का बड़ा बेटा रेशू पिता को संग्रामगढ़ सीएचसी ले गया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ऊंचाहार एनटीपीसी ले जाने की सलाह दी। ऊंचाहार पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने बताया कि सुरेंद्र की लाठी, डंडे से पिटाई की गई है। काफी खून बह जाने के कारण सुरेंद्र की मौत हो गई।

आधी रात को दर्ज कराया केस

रात करीब डेढ़ बजे मृतक सुरेंद्र के बड़े भाई दिनेश सिंह ने नवाबगंज पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया कि सुरेंद्र ने सुधीर मिश्र निवासी पंडित का पुरवा को एक लाख सोलह हजार रुपए उधार दिए थे। जब उसने पैसे वापस मांगे तो दोनों में काफी विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि सुधीर ने विनोद पांडेय व अन्य साथियों के साथ मिलकर सुरेंद्र की हत्या की है। पुलिस ने केस दर्ज कर विनोद के पिता रामलखन को हिरासत में लिया है।

 

मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपी घर छोड़ कर फरार हैं। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

सुरेश कुमार मिश्र, प्रभारी थानाध्यक्ष

Posted By: Inextlive