मंगलवार की रात गांव के बाहर अमरूद की बाग में सो रहे थे दोनों

KAUSHAMBI (6 June, JNN): धारदार हथियार से वृद्ध दंपत्ति की हत्या कर दी गई। दोनों मंगलवार की रात गांव के पास अमरूद की बाग में चारपाई पर सो रहे थे। बुधवार सुबह लाश देख लोग दंग रह गए। दोनों के शव खून से सने हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की। दोनों के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

घटना कौशाम्बी जिले के सरायअकिल थाना क्षेत्र स्थित हासिमपुर किनार गांव की है। हासिमपुर किनार गांव निवासी मोलई प्रसाद (70) के दो बेटे जगतपाल और चंद्रपाल हैं। मोलई व उनकी पत्नी दुखनी देवी (65) बड़े बेटे जगतपाल के साथ गांव के बाहर अमरूद की बाग में छप्पर डालकर रहते थे। बाग में ही नलकूप भी है। छोटा बेटा चंद्रपाल गांव में बीवी-बच्चों के साथ रहता है। बताते हैं कि मंगलवार की रात जगतपाल परिवार के साथ ससुराल गया था। रात में वृद्ध मोलई व उसकी पत्‍‌नी दुखनी देवी बाग में सो रहे थे। सुबह दोनों मृत पाये गये। दोनों के चेहरे व सिर पर गंभीर जख्म के निशान थे। सुबह ससुराल से वापस लौटने के बाद जगतपाल मां-बाप के पास बाग में पहुंचा। बाग में खून से लथपथ मां बाप की लाश देख वह चीख पड़ा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने जांच के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मौके से 10-10 रुपये के चार सिक्के मिले हैं। मृतकों के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

दंपत्ति एक ही चारपाई पर सो रहे थे। धारदार हथियार से दोनों की हत्या की गई है। मौके से थोड़ी दूरी पर हसिया, गड़ासा व कुल्हाड़ी की बेंत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

हेमंत मिश्र, थानाध्यक्ष सरायअकिल

Posted By: Inextlive