-एसपी को पत्रक देकर लगाई न्याय की गुहार

- ससुराल वालों पर दहेज हत्या का पिता ने लगाया आरोप

चंदौली : सोनभद्र जिले के रॉबर्टसगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत गांव निवासी रामकेश यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि चकिया कोतवाली के अमरा निवासी संदेश आदि ने उसकी पुत्री की हत्या कर शव गायब कर दिया। उसने छह लोगों के खिलाफ आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी बेटी की दहेज के लिए हत्या कर दी गई।

अक्सर करते थे परेशान

पत्रक में उसने कहा 2012 में उसने एक लाख नकद और एक बाइक देकर अपनी बेटी रेनू की शादी संदेश से की थी। तीन साल बाद 22 अप्रैल 2015 को उसकी बेटी का गौना गया। विदाई के बाद से उसकी बेटी को दहेज में कार के लिए परेशान करते थे। उन्होंने बेटी की ससुराल जाकर काफी समझाया। कहा कि 13 मई 2016 की रात अचानक मोबाइल पर फोन आया कि उसकी बेटी भाग गई। परिजन उसकी ससुराल आए और बेटी की खोजबीन करने लगे। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई। उन्होंने 28 जून को एसपी को पत्रक भी दिया कि उसकी बेटी की हत्या कर शव गायब कर दिया गया है। उसने छह लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र भी दिया लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने एसपी को पुन: पत्रक देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ गांव निवासी राजेंद्र यादव ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि बेलवानी बलुआ निवासी विजेंद्र समेत पांच लोगों ने उसकी बेटी प्रमीला की हत्या कर दी। पांच लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

Posted By: Inextlive