RANCHI : अनगड़ा थाना क्षेत्र के अमरूद बगान लेप्सर टुंगरीटोली निवासी शादीशुदा प्रेमी विनोद उरांव ने प्रेम त्रिकोण में अपनी विवाहिता प्रेमिका विमला देवी (33) की हत्या पत्थर से कूच कर दी। हत्या के बाद प्रेमी फरार है। घटना मंगलवार रात की है। मृतका की पुत्री तन्नु कुमारी ने थाने में मां के प्रेमी विनोद उरांव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। हत्या का कारण प्रेम त्रिकोण है। प्राथमिकी के अनुसार विमला की शादी सोलह-सत्रह साल पूर्व मंगा उरांव के साथ हुई थी। मंगा अपाहिज है। इस कारण विमला ही परिवार का खर्च चलाती थी। वह प्रतिदिन रांची जाकर काम करती थी।

ट्रक चालक के साथ संबंध

विमला का पड़ोसी विनोद के साथ पांच-सात साल प्रेम संबंध चल रहा था। छह माह पूर्व विनोद ने दूसरी लड़की से शादी कर ली। शादी के बाद भी विमला के साथ विनोद का संबंध बना रहा। इधर, विमला, विनोद की शादी के बाद उससे दूरी बनाने लगी। रांची आने जाने के क्रम में विमला का सिल्ली निवासी पुआल ट्रक के चालक के साथ प्रेम संबंध बन गया। चालक भी विमला के घर आने-जाने लगा। इसका विनोद विरोध करता और चालक से प्रेम संबंध तोड़ने की धमकी देता रहता था।

पहले चेतावनी दी, फिर कर दी हत्या

मंगलवार की रात नौ बजे के करीब विमला के मोबाइल पर विनोद ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया। विनोद से बात करते-करते विमला घर से बाहर निकली। विनोद ने विमला को ट्रक चालक प्रेमी को छोड़ने की अंतिम चेतावनी दी। लेकिन, विमला अड़ी रही। इसी में दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में विनोद ने बगल में रखे पत्थर से विमला के सिर पर वार कर मार डाला। सुबह में परिजनों को विमला का शव घर से कुछ ही दूरी पर पड़ा मिला। घटनास्थल से अनगड़ा पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त किया गया पत्थर, एक मोबाईल व एक तौलिया बरामद किया है। पुलिस आरोपी विनोद की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Posted By: Inextlive