JAMSHEDPUR सोनारी थाना क्षेत्र दोमुहानी स्थित निर्मल कुमार बस्ती में जुआ खेलने में हार जीत के विवाद में विरोधी नाबालिगों ने 15 वर्षीय विशाल सरदार के सीने में भुजाली घोंप दी जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने विशाल को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर सोनारी टीओपी है। निर्मल नगर जलिया बस्ती और कमार बस्ती के बदमाशों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश बताई जा रही है। मंगलवार को जुएं के विवाद के चलते नाबालिग छात्र चाकू घोंप कर फरार हो गए। देर रात पुलिस ने विशाल सरदार को चाकू मारने वाले तीन किशोरों को गिरफ्तार कर लिया। चाकू मारने वाले सभी किशोर नाबालिग है उनकी उम्र 13 से 14 वर्ष है। इधर बस्ती में बवाल की संभावना पर सीसीआर से क्यूआरटी फोर्स की तैनाती कर दी। विशाल की मां काजल और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मारपीट के बाद पथराव

विशाल सरदार के छोटे भाई ने बताया कि दोनों गुट मे पहले लड़ाई हुई थी। इसके बाद 10-15 मिनट तक पथराव भी हुआ जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।


मां ने बताई मौत की कहानी

मां काजल ने बताया कि विशाल चिप्स खरीदने के लिए घर से निकला था। उन्होंने बताया कि मैदान में कुछ युवक क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच चार-पांच की संख्या में युवकों ने बेटे के साथ मारपीट की। सीने में दो जगह चाकू घोंप कर भाग निकले। जब वह दौड़ते हुए पहुंची तो बेटा लहूलुहान होकर बैठा हुआ था थोड़ी ही देर में वह अचेत होकर गिर गया। दोपहर में वह भात खाकर बाहर निकला था। जिसके बाद बेटे को लोग अस्पताल ले गए। उन्होंने बताया कि बेटे और पति का किसी से कोई विवाद नही रहा है।


जुआ खेल में हार-जीत को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। इसको लेकर मारपीट हुई फिर पथराव भी हुआ। निर्मल बस्ती के विशाल सरदार को गैराज में काम करने वाले एक किशोर ने चाकू घोंप दी। हत्या में शामिल सभी किशोरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में कोई रंजिश या फिर गैंगवार से जुड़ा नही है।

प्रभात कुमार, सिटी एसपी

Posted By: Inextlive