- दून के एक फेसम मॉल पर था नगर निगम का टैक्स बकाया

- नगर निगम द्वारा जारी किए गए थे कुर्की के नोटिस

- मोहलत खत्म होने पर कुर्की को पहुंची टीम तो चुका दिया टैक्स

देहरादून।

सेल्फ असेस्मेंट में हेराफेरी कर कम टैक्स चुकाने पर नगर निगम की टीम जब मॉल की कुर्की के लिए पहुंची तो मॉल मैनेजमेंट ने साढ़े चार करोड़ का टैक्स चुकता कर दिया। नगर निगम द्वारा राजपुर रोड स्थित फेमस मॉल को नगर निगम की ओर से दो बार बकाया टैक्स जमा करने का निर्देश देते हुए कुर्की का नोटिस सर्व किया गया था। नोटिस की मियाद खत्म होने पर निगम की टीम कुर्की की कार्रवाई के लिए फ्राइडे को मॉल पहुंच गई। मॉल मैनेजमेंट की ओर से बकाया साढ़े चार करोड़ रुपए का भुगतान करने पर निगम ने कुर्की की कार्रवाई रोकी।

असेस्मेंट में की थी हेराफेरी

बीते वर्ष नवंबर में नगर निगम की ओर से 15 कॉमर्शियल बिल्डिंग्स व मॉल का इंस्पेक्शन किया था। सेल्फ टैक्स असेस्मेंट की निगम ने क्रॉस चेकिंग की तो राजपुर रोड स्थित पैसिफिक मॉल का कारपेट एरिया ज्यादा निकला जबकि असेस्मेंट में इसे कम दर्शाया गया था और उसी आधार पर टैक्स पे किया गया था। मॉल मैनेजमेंट की ओर से टैक्स असेस्मेंट फॉर्म में बेसमेंट एरिया को मेंशन ही नहीं किया गया था। टैक्स में हेराफेरी को लेकर निगम ने मॉल को नोटिस सर्व किया था। फ्राइडे को मॉल मैनेजमेंट से पिछले चार साल का बकाया टैक्स वसूला गया।

हाईकोर्ट तक पहुंचा था मामला

टैक्स में हेराफेरी के नोटिस के बाद मॉल के मामले में नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय द्वारा सुनवाई की गई थी। मॉल मैनेजमेंट ने अपना पक्ष रखा। मैनेजमेंट की दलीलें खारिज कर नगर आयुक्त की ओर से टैक्स और जुर्माना मिलाकर 4 करोड़ 79 लाख की रकम जमा करने के निर्देश दिए थे। हेराफेरी को देखते हुए मॉल पर चार गुना जुर्माना लगाया गया था जिसे चुकाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। निगम के इस फैसले के खिलाफ मॉल मैनेजमेंट ने सिविल कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सिविल कोर्ट ने मामला खारिज कर दिया तो मॉल मैनेजमेंट हाई कोर्ट पहुंच गया। हाई कोर्ट ने भी उसकी याचिका खारिज कर टैक्स की रकम चुकाने का आदेश दिया।

मौके पर ही सौंपा ड्राफ्ट

फ्राइडे को नगर निगम की टीम उप नगर आयुक्त रोहिताश शर्मा के नेतृत्व में राजपुर रोड स्थित पैसिफिक मॉल में पहुंची। टीम मॉल में एंट्री कर ही रही थी कि मॉल के मैनेजर भी पहुंच गए। कुर्की की कार्रवाई से बचने के लिए मॉल मैनेजर ने मौके पर ही 44915550 रुपए का ड्राफ्ट टीम को सौंप दिया। इससे पहले नंवबर माह में भी मॉल मैनेजमेंट द्वारा 40 लाख रुपए चुका दिए गए थे।

कई बार नोटिस दिए जाने के बाद मॉल प्रबंधक टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे थे। इस पर नगर निगम की टीम पूरी तैयारी के साथ कुर्की की कार्रवाई के लिए पहुंची तो प्रबंधन ने टैक्स का भुगतान किया। :

रोहिताश शर्मा, उप नगर आयुक्त, नगर निगम

----

अब तक 32 करोड़ टैक्स जमा

नगर निगम इस वर्ष 75 हजार रुपए टैक्स टारगेट के सापेक्ष 32 करोड़ का टैक्स जमा कर चुका है। फ्राइडे को ही नगर निगम ने पैसिफिक मॉल से साढ़े चार करोड़ का टैक्स जमा कराया है। इसके बाद टैक्स का टारगेट का पूरा करने के लिए अब नगर निगम अन्य संस्थानों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। निगम अगले हफ्ते नगर निगम की टीम सभी सरकारी भवनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इनमें जीपीओ और बीएसएनएल को भी नोटिस दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive