-अधिकारियों ने मौके पर जाकर रुकवाया काम, जमीन पर लगाया अपना बोर्ड

-एफआईआर दर्ज होने के बाद भी हो रहा था अवैध निर्माण

बरेली। ई-चार्जिग स्टेशन बनाने के लिए शेरपुर में तय की गई जमीन को नगर निगम ने फिर से अपने कब्जे में लिया। वहीं अवैध निर्माण रुकवा कर बोर्ड भी लगा दिया। जमीन पर अवैध निर्माण करने पर निगम ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। बताते चलें कि केस दर्ज होने के बाद भी आरोपी जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे थे।

लगातार कब्जे करने का हो रहा था प्रयास

महानगर कालोनी के सामने गुर्जर ढाबा के पास स्थित शेरपुर में नगर की खसरा संख्या 25 में 650 वर्ग गज भूमि है। इस भूमि पर अनेजा पीलीकोठी के सामने स्टेडियम रोड निवासी रोहित वर्मा, मनीष वर्मा, विजय वर्मा द्वारा कब्जा कर अवैध निर्माण करा रहे थे। शिकायत के आधार पर निगम ने तीनों आरोपियों के खिलाफ इज्जत नगर थाने में केस दर्ज कराया था, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य बंद नहीं हुआ था।

नगर आयुक्त ने लगवाया बोर्ड

नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन ने निगम की खसरा नंबर 25 की इस जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। इसके लिए राजस्व प्रभारी ललतेश कुमार सक्सेना की अगुवाई में टीम भेजी और निगम के कब्जा का बोर्ड लगवा दिया। राजस्व प्रभारी ने बताया कि यह कार्य नगर आयुक्त के आदेश पर किया गया।

Posted By: Inextlive